फटाफट

VKSU News: लॉटरी सिस्टम से चुने गए प्रधानाचार्य, डॉ पालित को महिला कॉलेज व डॉ कनकलता को महाराजा कॉलेज आवंटित

VKSU News: वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में बुधवार को लॉटरी प्रणाली का उपयोग कर प्राचार्यों की नियुक्ति की गई। कुल आठ प्राचार्यों को महाविद्यालय आवंटित किये गये हैं। इस प्रक्रिया में बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग द्वारा चयनित प्राचार्यों को विभिन्न कॉलेजों में नियुक्त किया गया है। यह काम कुलाधिपति प्रतिनिधि कुलपति की देखरेख में किया गया।

ज्ञात हो कि जीरो माइल स्थित वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय परिसर में कुलाधिपति के प्रतिनिधि प्रो नमिता कुमारी और विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो शैलेंद्र कुमार चतुर्वेदी के अगुवाई में लॉटरी निकाली गयी। लॉटरी के समय आठ में से सात प्राचार्यों की उपस्थिति थी। चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी सत्येंद्र कुमार की आंखों पर पट्टी बांधकर लॉटरी निकाली गयी।

डॉ नरेंद्र प्रताप पालित को महंत महिला कॉलेज का प्रधानाचार्य बनाया गया है। वहीं,  डॉ कनकलता को महाराजा महाविद्यालय की प्राचार्या, वरीय प्रोफेशर केके सिंह को एम वी कॉलेज बक्सर, डॉ राजेंद्र प्रसाद सिंह को रोहतास महिला कॉलेज, प्रो आशीष कुमार को ग्राम भर्ती कॉलेज रामगढ़, प्रो अशोक कुमार को महिला कॉलेज डालमियानगर, प्रो ओम प्रकाश राम को अंजबित सिंह कॉलेज विक्रमगंज का प्राचार्य बनाया गया है।