Tanishq loot case: आरा शहर के तनिष्क ज्वेलरी शोरूम से हुई 10 करोड़ की लूट मामले में देश के सबसे चर्चित गोल्ड थीफ सुबोध सिंह का नाम आया है। इस लूट की साजिश पश्चिम बंगाल की पुरुलिया जेल से रची गई थी। पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी चंदन कुमार उर्फ प्रिंस ने बताया कि जेल में बंद कुख्यात अपराधी सुबोध सिंह ने ही उसे लूट के लिए टीम तैयार करने का निर्देश दिया था।
प्रिंस ने बताया कि उसने जेल में रहते हुए तकनीकी साधनों से एक ग्रुप बनाया और लूट के लिए अपराधियों को जोड़ना शुरू किया. इस पूरी टीम का नेतृत्व चुनमुन झा कर रहा था, जो बाद में एक मुठभेड़ में मारा गया। बंगाल के जेल में बंद सुबोध सिंह, जो नालंदा का निवासी है, उसे अपराध जगत में “गोल्ड थीफ” के नाम से जाना जाता है।
पूछताछ में रॉकी उर्फ राजा ने बताया कि उसे लूट के लिए 10 लाख रुपए देने का वादा किया गया था। शुरुआत में उसने इनकार किया, लेकिन सुबोध की धमकी के बाद वह तैयार हुआ। उसका काम था कि शोरूम में घुसते ही गार्ड की बंदूक छीनकर कर्मचारियों को पिस्टल के बल पर बंधक बनाना।
पूछताछ के बाद सभी गए जेल
इस केस में वैशाली, बक्सर और भोजपुर के कुल आठ आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ की गई। इसमें मास्टरमाइंड प्रिंस, ओंकारनाथ उर्फ शेरू, लाइनर विशाल सिंह सहित कई शामिल हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी को फिर से मंडल कारा भेज दिया है।

