Tanishq Loot Case: आरा में हुए तनिष्क शोरूम लूटकांड में गुरुवार को कोर्ट ने पश्चिम बंगाल के जेल में बंद दो कुख्यात अपराधियों चंदन कुमार उर्फ प्रिंस और शेरू सिंह के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी किया गया है। भोजपुर पुलिस प्रोडक्शन वारंट के जरिए दोनों को बिहार लाने की तैयारी में है। केस के आइओ सह थानाध्यक्ष देवराज राय ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ जारी हुए प्रोडक्शन वारंट की जानकारी दी है।
बयान में सामने आया शेरू- चंदन का नाम
पुलिस के अनुसार, मामले में पकड़े गए सारण के कुणाल एवं विशाल गुप्ता के स्वीकारोक्ति बयान में मास्टर माइंड के रूप में जेल में बंद चंदन और लाइनर और प्रश्रय देने के आरोप में गिरफ्तार बोजपुर के विशाल और सूरज के स्वीकारोक्ति बयान में शेरू का नाम सामने आया है। पुलिस डायरी के आधार पर पर्याप्त साक्ष्य इकट्ठा कर दोनों के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट के लिए कोर्ट में अर्जी दी है।
पहले से कुख्यात रहे है शेरू- चंदन
थानाध्यक्ष देवराज राय ने इस मामले की जानकारी देते हुए कहा कि आरा जेल की तरफ से पश्चिम बंगाल के पुरूलिया कारा को प्रोडक्शन वारंट भेजा जाएगा। आरा कोर्ट में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को रिमांड किया जाएगा। बुधवार को इस मामले के आइओ ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रोडक्शन वारंट के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी। बता दें, दोनों आरोपी मूल रूप से वैशाली और बक्सर जिले के रहने वाले हैं।
चुनमुन झा के साथी की तलाश
बीते दिनों पुलिस ने इस केस में कार्रवाई करते हुए अररिया में मुठभेड़ के दौरान कुख्यात चुनमुन झा का एनकाउंटर किया था। अब पुलिस को चुनमुन झा के एक अन्य साथी की तलाश है। आरा के अलावा पूर्णिया लूट कांड में भी वह आरोपी है।
ज्ञात हो कि बीते 10 मार्च को आरा के टाउन थानाक्षेत्र के शीश महल चौक स्थित तनिष्क शोरूम में कुछ बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब 10 करोड़ की लूटपाट की थी. अभी तक इस मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों की गिरफ्तारी की है। जबकि, एक अपराधी चुनमुन झा एनकाउंटर में मारा जा चुका है।


 
			 
			 
			 
			