Site icon Ara Live

Surgeon Dr Vijay Gupta enters Politics: विख्यात सर्जन डॉ विजय गुप्ता ने जनसुराज के साथ भरी हुंकार, कहा- व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई हम सबकी

Surgeon Dr Vijay Gupta enters Politics: आरा शहर के विख्यात सर्जन डॉ विजय गुप्ता भी जनसुराजी हो गए। जनसुराज पार्टी के साथ हीं उन्होंने राजनीति में दस्तक दे दी है। साथ हीं उन्होंने आरा विधानसभा क्षेत्र से हुंकार भर दिया। इसी क्रम में उन्होंने एक निजी होटल में बिहार बदलाव सभा का आयोजन किया। इस सभा में जनसुराज पार्टी के बिहार बदलने संबंधी विचारधारा पर गहन चर्चा हुई।

डॉ विजय गुप्ता ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि वक्त आ गया है की अब हम अपनी सामाजिक ज़िम्मेदारियों को भी निभाएँ। बिहार बदलाव के दौर में है और व्यवस्था परिवर्तन की इस लड़ाई  में हम सभी को अपना योगदान देना होगा। बिहार को बदलने की इस लड़ाई में मै प्रशांत किशोर से प्रभावित होकर कूद पड़ा। चिकित्सक के कर्म से भी मै समाज को अपना योगदान दे रहा था। हमारा काम है लोगों के जीवन को बचाना। पर महसूस हो रहा था जैसे हम सब करके भी अपना सम्पूर्ण जनता को नहीं दे पा रहे। ऐसे में राजनीति सेवा का एक माध्यम बन सकती है। करना तो जनता की सेवा हीं है। बिहार बदलने की ज़िम्मेवारी सिर्फ़ प्रशांत किशोर या किसी एक की नहीं है। यह हम सबकी ज़िम्मेदारी है। पिछले कुछ समय से माना जाने लगा है कि राजनीति में अनपढ़, दबंग, अपराधी प्रवृति के लोग ही दिख रहे। ऐसे में इस मिथक को तोड़ना भी ज़रूरी है। प्रशांत किशोर के नेतृत्व में इस बार आपको पढ़े- लिखे और साफ़- सुथरे लोग राजनीति में दिखेंगे।

डॉ गुप्ता ने कहा कि वैसे तो पूरा भोजपुर ज़िला मुझे प्रिय है, पर आरा मेरा घर है। मेरा कर्मक्षेत्र भी है। इसलिए आरा विधानसभा से अलग लगाव है। मै अपना सर्वस्व लगाकर लोगों की सेवा करना चाहता हूँ। बहुत समय से हमलोग सुनते आ रहे है की बिहार में ये कमी है वो कमी है। पलायन भी खूब हुआ। हमारे चिकित्सा के क्षेत्र से भी खूब पलायन हुआ। आरा की हीं बात करें तो जब हमलोग बच्चे थे तो भी यही स्थिति थी और आज भी यही स्थिति बनी हुई है। हमलोग चाहते है कि हमारे यहाँ अच्छे मेडिकल कॉलेज हों, अच्छे अस्पताल हों, अच्छे स्कूल हों, अच्छी पढ़ाई हो और किसी को भी पढ़ाई या इलाज के लिए बाहर ना जाना पड़े। ज़्यादातर लोग शिक्षा और स्वास्थ्य के कारण से बाहर जाते है। बेरोज़गारी भी बड़ा कारण है। अब बिहार में व्यवस्था परिवर्तन होना चाहिए। आरा भी व्यवस्था परिवर्तन की इस लड़ाई में है, इसलिए मै भी इस लड़ाई में आ गया।

जनसुराज की इस बिहार बदलाव सभा में चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ अरुण कुमार, प्रदेश महासचिव चिकित्सा प्रकोष्ठ डॉ राणा के साथ हीं शहर के कई वरिष्ठ चिकित्सकों ने विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार रखे। इसमें डॉ कुमार जितेंद्र, डॉ कुणाल, डॉ बालाजी श्रीवास्तव, डॉ लोकेश, डॉ विवेक, डॉ विवेकानंद प्रमुख रहे।

डॉ विजय गुप्ता के साथ इस सभा में 800 से अधिक लोगों ने एक साथ मिलकर आरा को बेहतर बनाने के लिए  संकल्प लिया।

सभा में जनसुराज भोजपुर के अध्यक्ष अभय सिंह, चुनाव पर्यवेक्षक सलमा बेगम, नवीन राय, हरी जी तिवारी, देवेंद्र यादव, पद्मा ओझा, इंजीनियर विनय कृष्ण मिश्र, गोविंद, राहुल सिंह, कमलेश कमल, संजीव गुप्ता, मंगल प्रसाद, हरिश्चंद्र साहू, डॉ अख्तर एवं कई अन्य थे।

Exit mobile version