फटाफट

Scuffle in Congress office Ara: रणक्षेत्र बना आरा का कांग्रेस कार्यालय, राष्ट्रीय सचिव के आगमन पर आपस में भिड़े दो गुट के कार्यकर्ता

Scuffle in Congress office Ara: आरा शहर के शहीद भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय गुरुवार रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सह बिहार कांग्रेस के सह-प्रभारी देवेंद्र यादव भोजपुर जिला कांग्रेस कार्यालय पहुँचे थे। उनके स्वागत के समय नारेबाजी को लेकर दो गुटों के कांग्रेसी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गये और फिर जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक गुट के एक कार्यकर्ता पर लप्पड़-थप्पड़ बरसने लगे जिसमें उनका सिर भी फुट गया। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले ज़ाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जख्मी नवादा थाना क्षेत्र के करमन टोला मुहल्ला निवासी सह कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष सह वर्तमान पैक्स अध्यक्ष शिव कुमार सिंह के 35 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार सिंह है। वह इंदु तपेश्वर सिंह इंदु महिला कॉलेज में सहायक लिपिक के पद पर कार्यरत हैं और कांग्रेस का कार्यकर्ता हैं। घटना को लेकर कांग्रेस कार्यालय में भगदड़ मची रही।

मारपीट की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते रहा। वायरल वीडियो में साफ तौर से देखा जा रहा है कि दो कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई। उसके बाद दोनों कार्यकर्ता एवं उनके समर्थक आपस में भिड़ गये और जमकर गाली- गलौज और मारपीट हुई।

बिहार कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी देवेंद्र यादव के सामने हीं हुई हाथापाई

गुरुवार को शहीद भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में छत्तीसगढ़ के भेलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र यादव पहली बार भोजपुर आये थे। जिसे लेकर कांग्रेस कार्यालय में सम्मान समारोह एवं कांग्रेस कमेटी के बैठक का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान हीं नारेबाजी से वर्चस्व दिखाने के चक्कर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट की, जिसमें सुनील कुमार सिंह जख्मी हो गये।

राष्ट्रीय सचिव सह बिहार कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि मै तो अभी समझ नहीं पाया हूँ, पर मारपीट करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं थे। शायद ये लोग मीटिंग में अशांति फैलाने के लिए हीं आए थे। यह स्पष्ट रूप से प्रशासन की लापरवाही है। हमें सही सुरक्षा नहीं दी जा रही है। जब पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ता सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोग कैसे सुरक्षित रहेंगे। हमलोगों पर भी हमला हो सकता है।

इस मामले में एक पक्ष ने पूर्व मुखिया उपेंद्र व समर्थकों और दूसरे पक्ष ने डॉक्टर अजय व समर्थकों के खिलाफ नवादा थाना में एफआईआर किया है। दोनों पक्षों से 9 लोगों पर एफआईआर हुए है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।