फटाफट

Rotary Club Ara: रोटरी क्लब आरा के नए पदाधिकारियों का हुआ शपथ ग्रहण समारोह, रोटेरियन्स ने कई सामाजिक दायित्वों को निभाने की बात कही

Rotary Club Ara: रोटरी क्लब ऑफ आरा के वर्ष 2025-26 के नए पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह होटल आरा ग्रैंड में हुआ। मुख्य अतिथि पटना से आईं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन नम्रता रहीं। उनके साथ असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन मनोज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। शुरुआत राष्ट्र-गान से हुई। पूर्व पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथियों का स्वागत फ्लावर बुके देकर किया। बीते वर्ष की गतिविधियों का लेखा-जोखा तत्कालीन सेक्रेटरी रोटेरियन निशिकांत ने प्रस्तुत किया। निवर्तमान प्रेसिडेंट राम कुमार सिंह ने सभी सदस्यों को धन्यवाद दिया। नए सत्र में रोटेरियन मनजीत आनंद को क्लब प्रेसिडेंट, रोटेरियन नीरज कुमार को सेक्रेटरी और रोटेरियन अखिलेश प्रसाद को ट्रेजरर बनाया गया।

प्रेसिडेंट मनजीत आनंद ने कहा कि क्लब ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। प्राथमिकता नए क्लब बनाना, विश्व शांति में सहयोग और पर्यावरण सुरक्षा रहेगी। रोटेरियन संजीव गुप्ता, पंकज प्रभाकर, राम कुमार सिंह और अवधेश पांडेय को बिहार-उड़ीसा का चेयरमैन बनाया गया है। क्लब के विकास की जिम्मेदारी इन्हें सौंपी गई है। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नम्रता ने क्लब की गतिविधियों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि क्लब के सदस्य समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आरा दौरे के दौरान उन्होंने क्लब द्वारा संचालित कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। डॉ एसएम ईसा द्वारा गोद लिए गए आदर्श मध्य विद्यालय नवादा की व्यवस्था की प्रशंसा की। जागृति सेंटर स्टेशन रोड पर सिलाई, कंप्यूटर और ब्यूटीशियन कोर्स का अवलोकन किया। इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों से महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी। विद्यालय में सेनेटरी नेपकिन मशीन लगाने में सहयोग का आश्वासन दिया। बच्चों में सामाजिक दायित्व की भावना जगाने के लिए स्कूलों में क्लब बनाने की बात कही। शहर को प्लास्टिक मुक्त करने के लिए पेपर से ठोंगा निर्माण को बढ़ावा देने पर की बात कहीं। कार्यक्रम में सामाजिक दायित्व निभाने वाले विशिष्ट व्यक्तियों और वरिष्ठ रोटेरियन सदस्यों को सम्मानित किया गया। संचालन रोटेरियन अवधेश पांडे और रोटेरियन निशिकांत ने किया। अतिथियों का स्वागत रोटेरियन पंकज प्रभाकर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन ट्रेजरर रोटेरियन अखिलेश प्रसाद ने किया। मौके पर डॉ जीवेश कुमार, रामेश्वर प्रसाद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।