फटाफट

Road accident: कांवरियों से भरा पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलटा, 18 लोग घायल

Road accident: आरा-बक्सर फोरलेन पर बक्सर जिले के कृष्णब्रह्म थाना क्षेत्र के छोटका ढकाइच गांव के समीप सोमवार को कांवरियों से भरा पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में पिकअप वैन पर सवार डेढ़ दर्जन कांवरिया जख्मी हो गये। घायलों में एक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जबकि अन्य घायलों का इलाज ब्रह्मपुर पीएससी में कराया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जख्मी कांवरियों में रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के भानपुर गांव निवासी दूधनाथ सिंह का पुत्र भोला कुमार एवं करीब डेढ़ दर्जन अन्य शामिल हैं। भोला कुमार ने बताया कि वे लोग झारखंड के देवघर जिले में स्थित बाबाधाम से पिकअप वैन से वापस लौट रहे थे। उसी दौरान छोटका ढकाइच के समीप पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे सभी जख्मी हो गये।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप सवार देवघर बाबा धाम से लौट रहे थे। कांवड़ लेकर जलाभिषेक करने गए थे। जैसे ही गाड़ी छोटका ढाकाइच गांव के पास पहुंची। अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय गाड़ी की रफ्तार अधिक थी। जिससे संतुलन बिगड़ गया।

घायल भोला कुमार ने बताया कि अपने गांव के अन्य कांवरियों के साथ देवघर से कांवड़ लेकर लौट रहा था। थकान और भीड़ की वजह से पिकअप से घर जा रहे थे। लेकिन रास्ते में अचानक हादसा हो गया। सभी लोग जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। पास के अस्पताल में पहुंचाया गया।