फटाफट

Road accident: स्कूल जा रहे दो छात्रों को ट्रक ने मारी टक्कर, स्थानीय लोगों ने ज़ख़्मी हालत में पहुँचाया अस्पताल

Road accident: भोजपुर में ट्रक ने सोमवार को पैदल स्कूल जा रहे दो छात्रों को रौंद दिया। इस हादसे में दोनों बुरी तरह से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों जख्मियों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई।

परिजनों ने प्राथमिक उपचार के बाद आनन–फानन में दोनों को बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया।,जहां डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। मामला चांदी–कुल्हड़िया मुख्य रास्ते के संदेश थाना क्षेत्र के नसरतपुर–फतेहपुर गांव में देवी स्थान के पास का है।

जख्मियों में संदेश क्षेत्र के नसरतपुर गांव निवासी विजय कुमार यादव के 10 साल के बेटे आदर्श कुमार और उसका दोस्त गनौरी यादव का 9 साल का बेटा बलवीर कुमार है। जख्मी के चाचा संजय ने बताया कि दोनों एक साथ हर रोज फतेहपुर गांव स्थित प्राइवेट स्कूल में पढ़ने जाते है।

बच्चे जा रहे थे स्कूल, उसी क्रम में हुआ हादसा

आज सुबह भी दोनों स्कूल पैदल जा रहे थे। इसी बीच बेलगाम ट्रक ने देवी स्थान के पास दोनों को रौंद दिया। दोनों खून से लथपथ हालात में सड़क किनारे गिरे हुए थे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डॉक्टर ने बताया कि दोनों छात्रों के पैर में गंभीर चोटें आई है। दोनों का आरा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालात में पटना रेफर कर दिया गया है।

घायलों के परिजनों ने बताया कि हमारे रोड में बालू से लदे ट्रक और ट्रैक्टरों से आए दिन ऐसी घटनाएं होती हैं। लोग जख्मी होते है, कई बार लोग दुर्घटना से मरे भी है। लगातार हम लोग जिला प्रशासन से ठोकर बनाने की मांग करते है। लेकिन, आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।