फटाफट

Road accident: शादी से विदाई करा लौट रही कार को ट्रक ने मारी टक्कर, दुल्हन की मौत, दूल्हा ICU में

Road accident: जिस जोड़े में घर से हुई थी दुल्हन विदा, उसी जोड़े में दी गई मुखाग्नि। यह दुःखद घटना आरा की है जहां विदाई कर ससुराल लौट रही दूल्हे की गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मार दी। इलाज के दौरान दुल्हन की गुरुवार को मौत हो गई। दूल्हा गम्भीर अवस्था में ICU में  है। दुल्हन को जिस जोड़े में परिवार ने विदा किया था, उसी में उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लाया गया।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव ससुराल पहुंचा। रिवाज के मुताबिक मुखाग्नि पति को देनी थी, लेकिन वह ICU में है। परिवार ने फैसला लिया कि ससुर मुखाग्नि देंगे।

इसके बाद ससुराल में ही बहू को ससुर ने मुखाग्नि दी। इस दौरान दुल्हन शादी के जोड़े में ही थी। अंतिम संस्कार में लड़की का पूरा परिवार मौजूद था।

27 मई को शादी हुई थी। 28 को दुल्हन की विदाई हुई थी। उसी दिन सुबह हादसा हुआ। गुरुवार को पटना में इलाज के दौरान दुल्हन की मौत हो गई।

दुल्हन ललिता देवी (21) शादी के बाद पति मोनू कुमार (25) के साथ‎ ससुराल जा रही थी। इस दौरान सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के सिकरौल गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। ट्रक ड्राइवर ने बाएं साइड से जोरदार टक्कर मारी। उसी साइड आगे दूल्हा और दुल्हन पीछे बैठी हुई थी।

हादसे में दूल्हा-दुल्हन सहित 6 लोग घायल हो गए थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने दुल्हन ललिता देवी (21) को पटना रेफर कर दिया था। जहां गुरुवार को उसकी मौत हो गई।