Site icon Ara Live

Rajaswa Mahaabhiyan: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव ने कोईलवर व उदवंतनगर अंचल का किया निरीक्षण, राजस्व महाअभियान के कार्यों का लिया जायज़ा

Rajaswa Mahaabhiyan: भूमि सुधार और पारदर्शी अभिलेख व्यवस्था को लेकर पूरे राज्य में राजस्व महाअभियान चल रहा है। इसके अंतर्गत  भोजपुर में राजस्व महाअभियान  को ज़मीन पर मजबूती देने के उद्देश्य से बुधवार को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव डॉ. महेन्द्र पाल ने भोजपुर जिले के कोईलवर एवं उदवंतनगर अंचल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कोईलवर अंचल के राजापुर पंचायत में आयोजित राजस्व शिविर का दौरा किया। यहां उन्होंने जमाबंदी की प्रति और अन्य आवेदन प्रपत्रों के वितरण की स्थिति की जानकारी ली और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डॉ. महेंद्र पाल ने बताया कि राजस्व महाअभियान के तहत विभागीय टीम द्वारा घर-घर जाकर रैयतों को जमाबंदी की प्रति एवं सुधार से जुड़े प्रपत्र दिए जा रहे हैं। इससे दाखिल-खारिज, नामांतरण (उत्तराधिकार व बंटवारा), ऑनलाइन सुधार और पुराने लंबित मामलों का शीघ्र समाधान किया जा सकेगा। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ता अपने-अपने क्षेत्र में अभियान की नियमित मानिटरिंग सुनिश्चित करें और कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो।

राजस्व महाअभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक रैयत को उसकी ज़मीन से जुड़े सही, पारदर्शी और अद्यतन अभिलेख उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही भूमि विवादों से बचाव, दाखिल-खारिज, परिमार्जन और सुधार कार्यों को त्वरित गति से निपटाना, और सरकारी योजनाओं व बैंक ऋण प्रक्रिया को आसान बनाना इस अभियान की प्राथमिकताएं हैं।

निरीक्षण के दौरान आरा सदर डीसीएलआर आयुष अनंत व सीओ पल्लवी गुप्ता, कोईलवर सीओ समेत संबंधित पदाधिकारी व राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने अभियान की प्रगति से अपर सचिव को अवगत कराया और शेष कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने का भरोसा दिया।

Exit mobile version