Prashant Kishor got hurt in Ara: बिहार बदलाव सभा के लिए शुक्रवार को आरा पहुँचे प्रशांत किशोर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। आरा के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में जनसभा के दौरान प्रशांत किशोर की तबीयत खराब हुई। उनके सीने व पसली में चोट लगने से दर्द हो रहा था। इसके बाद उन्हें समर्थकों ने मंच से पकड़ कर नीचे उतारा। गाड़ी में बैठा कर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले ज़ाया गया।
ज्ञात हो कि जनसुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर शुक्रवार को आरा के वीर कुंवर सिंह रमना मैदान स्टेडियम में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। यह जनसभा बिहार बदलाव यात्रा के अंतर्गत भोजपुर में जनजागरण और संगठन विस्तार के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
बताया जाता है कि सभा के दौरान जनता के अभिवादन में उन्होंने अपनी गाड़ी का गेट खोला था। इस दौरान एक महिला आगे आ गई। उसे बचाने में गेट अचानक से बंद करना पड़ा। इस कारण उन्हें पसली के आसपास चोट लगी है। दर्द को अनदेखा करते हुए व लोगों के उत्साह को देखते हुए वे मंच पर पहुँचे, परंतु दर्द बढ़ने पर उन्हें कार्यकर्ताओं की मदद से मंच उतारा गया। जहां से उन्हें ईलाज़ के लिए निजी अस्पताल ले ज़ाया गया। फिर वे पटना वापिस लौट गए।
इससे पहले, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रशांत किशोर दोपहर पटना के मुख्य मार्ग से होते हुए लगभग 4 बजे भोजपुर जिला के मझौआं हवाई अड्डा मैदान के पास पहुंचे थे। पहले से एकत्रित हजारों की संख्या में जन सुराज समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
प्रशांत किशोर ने समर्थकों और जन सुराज के कार्यकर्ताओं के साथ पद यात्रा करते हुए आरा नगर के रमना मैदान स्थित वीर कुंवर सिंह स्टेडियम पहुँचे। रास्ते में जगह-जगह उनका भव्य स्वागत हुआ। प्रशांत किशोर के साथ जनसुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह भी आरा पहुँचे थे। लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर और पारंपरिक तरीकों से उनका अभिनंदन किया। पर, दर्द की वजह से उन्हें सभा स्थल से बिना जनता को सम्बोधित किए लौटना पड़ा।

