Peace Committee Meeting for Muharram: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए जिला शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट में हुई। बैठक की अध्यक्षता डीएम तनय सुल्तानिया ने की। उन्होंने कहा कि मुहर्रम त्याग और समर्पण का पर्व है। इसे पाक भावना से मनाया जाना चाहिए। डीएम ने कहा कि सभी सदस्य जिले के शांति दूत हैं। सभी को पूर्व की तरह प्रशासन का सहयोग करना होगा। युवाओं को संयम और शांति बनाए रखने के लिए प्रेरित करें। डीएम ने नगर निगम को निर्देश दिया कि शहर की सफाई कराएं। चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करें। डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग नहीं होगा। ताजिया की ऊंचाई पिछले वर्ष के अनुसार ही रहेगी। बिजली विभाग को निर्देश दिया गया कि रॉड और पोल पर लटके तारों की मरम्मत समय पर पूरी करें। डीएम ने बताया कि मेला स्थल और कर्बला जाने वाले रास्तों पर लाइटिंग, सीसीटीवी कैमरे, स्वच्छ पेयजल, सफाई और चलंत शौचालय की व्यवस्था की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक राज ने कहा कि पर्व भाईचारे के साथ मनाया जाए। सभी थाना और अनुमंडल स्तर पर शांति समिति की बैठक हो चुकी है। संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी से निगरानी होगी। पुलिस बल की तैनाती रहेगी। छतों और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
राजनीतिक पोस्टर और बैनर नहीं लगाने का आदेश
जुलूस में मोटरसाइकिल का उपयोग नहीं होगा। राजनीतिक पोस्टर और बैनर नहीं लगाए जाएंगे। अस्थायी नियंत्रण कक्ष पूर्व की तरह कार्यरत रहेगा। जुलूस तय मार्ग से ही निकलेगा। वॉलेंटियर्स को आधार कार्ड जैसे पहचान पत्र साथ रखना होगा। जुलूस किसी अन्य धर्म के धार्मिक स्थल पर नहीं रुकेगा। किसी की भावना को ठेस न पहुंचे। अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं होगा। महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी।
शांति समिति के सदस्य सह बार एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी अमरेन्द्र चौबे ने कहा कि जिस मार्ग से जुलूस निकलेगा, वहां की सफाई कराई जाए। सड़कों के गड्ढे भरे जाएं। खलीफा और वॉलेंटियर्स पहचान पत्र लगाकर रखें ताकि प्रशासन उन्हें आसानी से पहचान सके। सर्व धर्म हुसैनी एकता समाज भोजपुर के अध्यक्ष ओम प्रकाश मुना ने बताया कि जुलूस बुढ़वा महादेव से धर्मन चौक, टाउन थाना, नाला मोड़, पुरानी पुलिस लाइन, मोलबाग, छोटी कर्बला, पहलाम होते हुए महादेवा तक जाएगा। पूर्व निगम पार्षद डॉ. जितेंद्र शुक्ल ने कहा कि फायर ब्रिगेड कार्यालय जलजमाव से क्षतिग्रस्त है। उसका शीघ्र निर्माण कराया जाए, नहीं तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
बैठक में सिविल सर्जन शिवेंद्र कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रश्मि सिन्हा, डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु, नवादा थाना के इंस्पेक्टर विपिन बिहारी, सदर इंस्पेक्टर देवराज राय, सिटी मैनेजर ओमप्रकाश, बिजली विभाग के अधिकारी, शांति समिति के सदस्य नवीन कुमार, वीर कुशवाहा, अमरेन्द्र चौबे, उमाकांत ओझा, अनिल प्रजापति और कुमार गोकुल उपस्थित थे।

