Padma Awards 2025: गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले शनिवार को केंद्र सरकार ने जब पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया, तो आरा में ख़ुशी की लहर दौड़ गई। समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले आरा के वरिष्ठ पत्रकार भीम सिंह भावेश को पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा है। भीम सिंह भावेश को समाज के अत्यंत पिछड़ी मुसहर जाति के उत्थान के लिए यह पुरस्कृत किया जा रहा है। उन्हें ‘मसीहा ऑफ मुसहर’ के नाम से भी जाना जाता है।

मन की बात में PM मोदी ने की थी सराहना
भीम सिंह भावेश को उनके इस अतुलनीय योगदान के लिए पद्म श्री सम्मान से सम्मानित करने का निर्णय सरकार ने लिया है। भीम सिंह भावेश पेशे से एक पत्रकार हैं। पिछले 22 वर्षों से वे अपनी संस्था ‘नई आशा’ के माध्यम से समाज के इस वंचित समुदाय की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के क्षेत्र में सुधार के लिए काम कर रहे हैं। भीम सिंह भावेश ने भोजपुर और बक्सर जिलों में 100 से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए, जिससे मुसहर समुदाय को स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हुईं। अभी कुछ दिनो पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में भी भीम सिंह भावेश के कार्यों की सराहना की थी।
मुसहर बच्चों का सरकारी स्कूलों में नामांकन कराया
भीम सिंह भवेश ने 200 से अधिक मुसहर टोलों में शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। भोजपुर जिले के 13 प्रखंडों में किए गए उनके कार्यों के परिणामस्वरूप 8,000 से अधिक मुसहर बच्चों को सरकारी स्कूलों में नामांकित किया गया। उन्होंने एक बड़ा पुस्तकालय भी स्थापित किया है, जिससे समुदाय के बच्चों को शिक्षा का लाभ मिल सके।

