NDA Karyakarta Sammelan: “एक गाना याद आता है। राम तेरी गंगा मैली हो गई, पापियों के पाप धोते-धोते। 2005 तक लालू के शासन काल में अपराध का माहौल था। सड़क नहीं गड्ढे थे, जो लालटेन को हमलोगों ने अलविदा करके बिजली की रोशनी में आ गए। उनके पाप को धोते-धोते आज हम लोग भी स्वच्छ जल से थोड़ा गंदा होते जा रहे। ” ये बातें आरा में सोमवार को NDA कार्यकर्ता सम्मलेन में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कही। वे रमना मैदान स्थित वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में NDA कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। कार्यकर्ता सम्मेलन के दूसरे चरण में आज भाजपा समेत NDA के सभी घटक दलों के कार्यकर्ता शामिल हुए। नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने किया।
कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि ‘बिहार में नीतीश सरकार बा, ये सरकार आज भी है और कल भी रहेगा’। इस दौरान वे लालू यादव पर खूब तंज कसते नज़र आए। एक पुराने गीत के बोल दोहराते हुए उन्होंने उक्त बातें कही थी। फिर आगे उन्होंने कहा कि लालू के राज में जो अपराधी पैदा लिए, जिस तरह एक राक्षस मरता है तो सौ राक्षस पैदा ले लेता है, उसी तरह एक अपराधी समाप्त होता है 100 अपराधी फिर से पैदा हो गए। नरेंद्र मोदी-नीतीश कुमार पूरे बिहार को विकास के पथ पर आगे बढ़ा रहे है।
तेजस्वी यादव पर चुटकी लेते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार में रोड बन रहा है, बिजली मिल रही है और चांदी के चम्मच लेकर जन्म लेने वाला राजकुमार बाढ़, सुखाड़ और गणतंत्र दिवस मनता है तो विदेश भाग जाते हैं। प्रतिपक्ष को नैतिक अधिकार नहीं है जो हमारा बिहार में कानून का राज चल रहा है उसके बारे में कुछ भी बोले।
एक ही उद्देश्य 2025 में फिर एक बार नीतीश
सम्मेलन के दौरान जेडीयू के उमेश कुशवाहा ने कहा कि 2025 विधानसभा चुनाव की रणभूमि सज रही है और हम NDA के पांचों घटक दल के प्रदेश अध्यक्ष भोजपुर वासियों से अपील करने आए हैं। एक ही संदेश और एक ही उद्देश्य 2025 में फिर एक बार नीतीश।
जिस तरह भोजपुर की विरासत है, उसके अनुरूप जो लोकतंत्र का विरोधी है उसको करारा जवाब दीजिए और एनडीए की झोली में सातों विधानसभा सीट दीजिए। हमारे नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार न्याय के साथ विकास कर रहे हैं। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के साथ काम कर रहे हैं।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए चाहे राह में कितनी भी चुनौतियां हैं, उसे आप फतह कर लें।
सम्मलेन में जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, लोजपा(राम विलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, अमरेंद्र प्रताप सिंह, विशाल प्रशांत, MLC श्री भगवान सिंह कुशवाहा समेत घटक दलों के दिग्गज नेता और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।

