Nagar Nigam News: शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर डीडीसी सह प्रभारी नगर आयुक्त डॉ. अनुपमा सिंह ने सख़्ती दिखाई है। मंगलवार को नगर निगम सभागार में सभी वार्डों के जमादारों के साथ बैठक हुई। इसमें मेयर इंदु देवी, उपनगर आयुक्त उदय कृष्ण और बिनोद कुमार भी मौजूद रहे। डॉ. अनुपमा सिंह ने सभी जमादारों से कहा कि सफाई में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सुबह 6 बजे से सफाई शुरू हो जानी चाहिए। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन अनिवार्य रहेगा। कूड़ा तय डंपिंग पॉइंट पर ही डाला जाए।
सफाई कर्मियों की उपस्थिति के अनुसार ही हाजिरी बनेगी। जमादारों को भी निगम में आकर उपस्थिति दर्ज करानी होगी। सफाई की नियमित जांच के लिए टीम बनाई गई है। मेयर इंदु देवी ने कहा कि सफाई की जिम्मेदारी पूरी टीम की है। सभी को सहयोग करना होगा।
जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। वार्ड 1 से 15 तक सफाई निरीक्षक रजनीश कुमार, 16 से 30 तक मो. तंजीद और 31 से 45 तक राकेश कुमार निरीक्षण करेंगे। पर्यवेक्षक के रूप में वार्ड 1 से 23 तक स्वच्छता पदाधिकारी विकास कुमार और 24 से 45 तक दिव्य विकास रहेंगे। डॉ. अनुपमा सिंह ने कहा कि वह खुद समय-समय पर औचक निरीक्षण करेंगी। सफाई कर्मियों और जमादारों को आई-कार्ड के साथ रहना होगा। सभी सफाई कर्मियों को पोशाक भी वितरित की जाएगी।

