फटाफट

Mahila College: जानकी नवमी के उपलक्ष्य में ‘सीता और रामायण की स्त्री पात्र’ विषय पर हुई संगोष्ठी

Mahila College: महंत महादेवानंद महिला महाविद्यालय के हिंदी विभाग में जानकी नवमी के उपलक्ष्य में संगोष्ठी हुई। संगोष्ठी का विषय ‘सीता और रामायण की स्त्री पात्र’ रहा। ज्ञात हो कि जानकी नवमी 6 मई को है, लेकिन उस दिन अवकाश और परीक्षा को देखते हुए कार्यक्रम 3 मई को आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत महंत महादेवानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद हिंदी विभाग की अदिति कुमारी द्वारा बनाए गए मां जानकी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कॉलेज की प्रधानाचार्या मीना कुमारी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि जीवन निर्माण में रामायण की महिला पात्रों का विशेष योगदान है। उन्होंने सीता के जन्म से लेकर अग्नि परीक्षा तक की घटनाओं को संक्षेप में रखा। साथ ही अहिल्या, अनुसुइया, शबरी, तारा, सूर्पनखा और त्रिजटा जैसे पात्रों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

हिंदी विभाग की जूही ने गौरी स्तुति और जागृति ने ‘जय जगत नंदनी’ सीता स्तुति का गायन किया। विभागाध्यक्ष डॉ. सुधा रंजनी ने मंच संचालन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज और संस्कृति को समझने के लिए रामायण की स्त्री पात्रों के जीवन को जानना जरूरी है।