Khel Pratiyogita Mashal: खेल विभाग, शिक्षा विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन भोजपुर के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को जिला स्तरीय “मशाल” खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ आरा के खेल भवन में हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त गुंजन सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। जिले के सभी प्रखंडों से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए DDC ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचकर भोजपुर का नाम रोशन करने हेतु प्रेरित किया।
ज़िला स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पूरे राज्य से खेल प्रतिभाओं की खोज कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना है। इस प्रतियोगिता में कुल पाँच खेल एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, साइक्लिंग एवं वॉलीबॉल शामिल हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन जिले के 14 प्रखंडों से 378 बालिका खिलाड़ियों ने भाग लिया। बालक वर्ग की प्रतियोगिताओं का आयोजन 20 अगस्त, बुधवार से किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्वागत संबोधन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चन्दन प्रभाकर ने किया। मंच संचालन शिक्षक सुनील कुमार पाण्डेय एवं विजया श्री ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला खेल पदाधिकारी आलोक कुमार गौतम ने किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जन सम्पर्क पदाधिकारी, जिला लेखा पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, संबंधित खेल संघों के सचिव, शारीरिक शिक्षक, वरीय खिलाड़ी एवं अन्य कई लोग उपस्थित रहे।

