Site icon Ara Live

Jansuraj News: प्रशांत ने कहा- जून में हो जाएगी प्रत्याशियों की घोषणा, संगठन को मज़बूत करने के लिए काम करें सभी पदाधिकारी

Jansuraj News: स्पष्ट व पारदर्शी प्रक्रिया के तहत प्रत्याशियों का चयन होगा। चयन में आप सबकी भूमिका होगी। हवा- हवाई एंट्री नहीं होगी। ऐसा नहीं है की धरातल पर काम कोई और करे और सीट कोई और ले उड़े। इसीलिए हमलोग सबसे पहले जून तक सभी 243 विधानसभा के प्रत्याशियों की घोषणा कर देंगे। जो लोग कहीं और भी देख रहे है और यहाँ भी, तो वे इस ताक में ना रहे। साफ़- स्वच्छ छवि के लोगों को ही टिकट मिलेगा। पैसा लेकर प्रशांत किशोर टिकट नहीं देगा। बिहार को बदलने का चुनाव है। ये बातें प्रशांत किशोर ने संगठन पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कही।

बुधवार को पटना स्थित बिहार सत्याग्रह आश्रम में जनसुराज पार्टी के संगठन पधाधिकारियों की एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई थी। कार्यशाला में सभी ज़िलों के ज़िला प्रभारी, ज़िला अध्यक्ष, ज़िला महासचिव, ज़िला प्रवक्ता, ज़िला महिला अध्यक्ष, ज़िला युवा अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी पहुँचे थे। उनके कार्यों को समझाते हुए पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि जो काम प्रोफेशनल टीम को करना था वो उन्होंने कर दिया। आप सभी को एकजुट कर दिया गया। अब आगे इसे आपको चलाना है। गाँव- गाँव तक कैसे विस्तार होगा, लोग आपसे कैसे जुड़ेंगे, ये आपको तय करना है। जनता की समस्याओं को समझिए और उसका निदान करिए। अपनी योजनाओं को उनके समक्ष रखिए। प्रशांत ने कहा कि कभी किसी पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को ऐसा मौक़ा नहीं दिया है। चुनाव में खड़े होने वाले प्रतिनिधि भी आप सबकी सहमति से चुने जाएँगे।

पदाधिकारियों को जनता के बीच जाकर करना होगा काम

प्रशांत किशोर ने सम्बोधित करते हुए कहा कि संगठन के लोग हीं संगठन की ताक़त है। आज से सभी चयनित पदाधिकारी ही संगठन को सम्भालेंगे। सभी ज़िला एवं अनुमंडल जिन्हें हम संगठन ज़िला कहेंगे, वहाँ कार्यालय खुल जाने चाहिए। पार्टी के सभी पदाधिकारियों को अपनी ताक़त समझनी होगी और काम करना होगा। जनता के बीच जाना होगा। प्रशांत का काम था संसाधन देना, वो मै दे रहा हूँ। आगे काम अब आपके हवाले है। आपको जीतना है, आपको सरकार बनानी है।  कार्यशाला के मद्देनज़र प्रशांत किशोर ने सभी पदाधिकारियों को कई दिशानिर्देश दिए।

इससे पूर्व, जनसुराज के अध्यक्ष मनोज कुमार भारती ने सम्बोधित करते हुए कहा कि व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई है। हमें खुद को भी अनुशासित दिखाना होगा। हम कैसे अलग है ये लोगों को बताना होगा। आपकी छवि के साथ अब पार्टी भी जुड़ी है। आपको आपसी एकजुटता भी दिखानी है।

युवा मोर्चा के अध्यक्ष आनंद मिश्रा ने कहा कि अंदरूनी कलह से बचना है। जो अन्य पार्टियों में होता है वो ना हो तो ही अच्छा है। पद से काम नहीं होता। संगठन बड़ा है, काम से पद मिलते जाता है। कमर कस कर तैयार रहिए, बिहार को बदलने की लड़ाई है। सबका योगदान महत्वपूर्ण है।

इस दौरान हज़ारों की संख्या में मौजूद सभी ज़िलों के कार्यकर्ता उन्हें सुन रहे थे। साथ ही हाथ उठा कर समर्थन भी कर रहे थे।

कांग्रेस लालू यादव व भाजपा नीतीश कुमार से भीख माँग रही, ये सब वही लोग जाने

कार्यशाला के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दो महीने में दो बार बिहार आने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कौन क्या कर रहा ये वही लोग जाने कांग्रेस लालू जी से भीख मांग रही है और बीजेपी नीतीश कुमार से भीख मांग रही है।

कार्यशाला को लेकर उन्होंने बताया कि आज की बैठक मुख्य पदाधिकारियों की बैठक थी। जिसमें 38 जिले और 103 अनुमंडल जिन्हें हम संगठन जिला कह रहे हैं उनके पदाधिकारी मौजूद थे। आज पहली बैठक थी, इसके बाद फरवरी और मार्च में भी आश्रम में इसी तरह की बैठकें आयोजित की जाएंगी। साथ ही मार्च और अप्रैल दो महीने में सभी अनुमंडलों में कम से कम 1 जनसभा आयोजित की जाएगी।

भोजपुर ज़िले से पहुँचे सभी पदाधिकारी, कहा- हम तैयार हैं

कार्यशाला में भोजपुर ज़िले से सभी पदाधिकारियों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। एकजुटता का परिचय देते हुए ज़िला प्रभारी कन्हैया सिंह, विचार मंच के सुधीर मिश्र, ज़िला अध्यक्ष अभय सिंह, ज़िला प्रवक्ता रूपेन्द्र मिश्र, महिला अध्यक्ष डॉ पद्मा ओझा, युवा अध्यक्ष सोनू पासवान, नगर महिला अध्यक्ष मधुलिका सिन्हा, कार्यालय प्रभारी बीरेन्द्र ओझा, राहुल सिंह, गोविंद जी, धीरेंद्र पांडेय समेत कई पदाधिकारी गए हुए थे। बिहार को बदलने के लिए सभी ने एकस्वर में संगठन को मज़बूत करने व बूथ स्तर तक जाकर प्रशांत किशोर के हाथ को मज़बूत करेंगे। सभी ने यह भी निर्णय लिया कि यहाँ स्वच्छ छवि का प्रत्याशी ही चुना जाएगा, उसमे हम सब सहयोग करेंगे और जो भी प्रत्याशी चुना लिया जाएगा, हमसब उसके साथ है।

 

Exit mobile version