Jansuraj: जनसुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर आगामी 13 सितंबर को भोजपुर के अगिआंव विधानसभा अंतर्गत चरपोखरी में आ रहे है। वे चरपोखरी प्रखंड कार्यालय मैदान में बिहार बदलाव सभा को संबोधित करेंगे। इसे लेकर पूरे जिले में तैयारियां जोर- शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जनसुराज पिरो अनुमंडल कार्यालय में एक प्रेस वार्ता हुई।
संबोधित करते हुए जनसुराज पार्टी के वरिष्ठ नेता व कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि हम सब मिलकर व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहे है। प्रशांत किशोर एक आरामदेह एवं शानदार जिंदगी ,परिवार के सारे सुख चैन त्याग कर बिहार के गांव की गलियों में दो वर्षों तक घूमते रहे, लोगों को समझाते रहे कि आज तक आपने अपने राजनेताओं के बच्चों के भविष्य बनाने के लिए उन्हें साथ देते रहे जिन्होंने बिहार के भविष्य के लिए कुछ नहीं सोचा। अब समय आ गया है, जब हम सभी अपने बच्चों के लिए कुछ करे।फिर से एक बार नेता हमें जाति की भावना में बहाकर भरमाने की कोशिश करेंगे, परंतु हमें अपने संकल्प से डिगना नहीं है। यह धर्मयुद्ध प्रशांत किशोर का नहीं है। यह युद्ध बिहार के बच्चों का है। अपने बच्चों की शिक्षा, रोजगार, नया बिहार में सुंदर राज के लिए जन सुराज का साथ दे। बिहार की मिट्टी ने प्रशांत किशोर को बिहार बुलाया है। अब हमें भी नींद तोड़नी होगी, नए बिहार का नया सपना बुनना होगा।
सरकार बनाने के सवाल पर अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि ये लड़ाई तो हार बिहार वासी की है। फिर इसमें हार का सवाल कहाँ है। हमारी प्राथमिकता है की अच्छे लोग हीं चुनाव लड़े और जीतकर सरकार बनाएँ। क्योंकि, जब अच्छे लोग आएँगे तभी अच्छी व्यवस्था बनेगी। हमारी लड़ाई बाहुबली और धनपशुओं से ही तो है। सबको पीछे छोड़कर अब जनता का राज स्थापित करना है। इसमें आप सभी मीडिया वालों का भी भरपूर सहयोग चाहिए।
हम सबको एकजुट होकर प्रशांत किशोर का साथ देना है- सिद्धनाथ राय
जनसुराज के वरिष्ठ नेता व संदेश के पूर्व विधायक सिद्धनाथ राय ने कहा कि यहां के लोग ऊर्जावान रहे है। उन्हें सही गलत का पूरा ज्ञान है। पिछले कई वर्षों से जनता के साथ छल हो रहा। बाहुबल का भी खूब प्रयोग हुआ। जनता इससे त्रस्त है और उबरना चाहती है। जो सत्ता में हैं, वे सिर्फ अपने बच्चों का सोचते है, उनका भविष्य बनाते है। बाकी जनता जाए भांड में। युवाओं के नौकरी की, बच्चों के भविष्य की उनको चिंता कहां होती है। प्रशांत किशोर का आगमन जिले के लिए सकारात्मक है। उनको ये क्षेत्र पसंद है। वे जनता की बदहाली को बारीकी से समझते है। तभी वो बदलाव की बात कहते है। हम सबको एकजुट होकर उनका साथ देना है।
पार्टी के जिला प्रवक्ता रूपेन्द्र मिश्र ने कहा कि प्रशांत किशोर के आगमन को लेकर हमारे हर कार्यकर्ता उत्साहित है। जन मानस में भी खूब उत्साह है। प्रशांत किशोर को सुनने के लिए पुरुषों के साथ साथ महिलाएं भी खूब उत्साहित है। युवाओ में तो जुनून है। प्रशांत किशोर युवाओं के हीरो है। मीडिया के सभी साथी भी सादर आमंत्रित है। आपके सहयोग से जनसुराज की आवाज घर घर तक पहुंचेगी।
पीरो अनुमंडल अध्यक्ष विष्णु शंकर पांडे ने कहा कि हम सब भोजपुर के पीरो अनुमंडल अंतर्गत अपने चरपोखरी कि धरती पर प्रशांत किशोर के स्वागत के लिए हम तैयार है। यहां की जनता में भी उनकी दीवानगी है। मौक़े पर अरुण पंडित, वरुण देव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

