Jagjiwan College: जगजीवन कॉलेज परिसर में बुधवार को शिक्षक संघ द्वारा सम्मान-सह-विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग द्वारा प्राचार्य पद के लिए चयनित प्रोफेसर अजय कुमार और प्रोफेसर शहाबुद्दीन के सम्मान में हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या प्रो आभा सिंह ने किया। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद प्राचार्या ने दोनों चयनित प्राचार्यों को बुके देकर सम्मानित किया। शिक्षक संघ की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह, शाल और बुके भेंट किए गए। भावभीनी विदाई दी गई। प्राचार्य प्रोफेसर आभा सिंह ने कहा कि दोनों शिक्षकों ने कॉलेज की नैक ग्रेडिंग और विकास में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संघ के अध्यक्ष डॉ. अमरेश कुमार ने कहा कि कॉलेज में शिक्षकों की प्रोन्नति की समृद्ध परंपरा रही है। यह परंपरा प्राचार्य से कुलपति तक जाती है। संघ को विश्वास है कि यह परंपरा आगे भी बनी रहेगी। संघ के सचिव प्रोफेसर अमृत लाल जायसवाल ने कहा कि दोनों शिक्षक जहां भी जाएंगे, ज्ञान और अनुभव की खुशबू फैलाएंगे।
मंच संचालन उर्दू विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शहजाद अख्तर अंसारी ने शेरो-शायरी के साथ किया। मौके पर संयुक्त सचिव प्रोफेसर चन्दन कुमार, कोषाध्यक्ष डॉ. राजीव नयन आदि थे।

