Ganja recovered: मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ भोजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 20 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ़्तार किया तस्कर मसाढ़ निवासी राम अयोध्या सिंह का पुत्र ब्रिज किशोर सिंह है। वह बोरे में गांजा छिपाकर ले जा रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस अधीक्षक राज ने इस बाबत जानकारी देते हुए बताया कि गजराजगंज ओपी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक शख्स गांजे की बड़ी खेप लेकर रेलवे स्टेशन की ओर से गांव में प्रवेश कर रहा है। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांव के प्रवेश मार्ग पर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान बोरे में छिपाए गए गांजे के दो बंडल बरामद किए। कुल वजन करीब 20 किलो था।
गिरफ्तार तस्कर ब्रज किशोर सिंह कई महीनों से गांजे की तस्करी में संलिप्त था। शुक्रवार रात उसकी गतिविधियों की सूचना मिलने पर टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सदर एसडीपीओ वन राज कुमार साह ने भी गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क की जानकारी लेने की कोशिश की है।
ज्ञात हो कि मसाढ़ और उसके आसपास के इलाके मादक पदार्थों की तस्करी के लिए पहले भी सुर्खियों में रहा है। यहां से पूर्व में भी गांजा तस्करों की गिरफ्तारियां होती रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इनकी डिलीवरी कहाँ होनी थी।

