Election 2025: भोजपुर जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने आरा सदर प्रखंड के जमीरा पंचायत स्थित प्राथमिक कन्या विद्यालय में बनाए गए विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने घर-घर जाकर वितरित किए जा रहे गणना प्रपत्र की प्रगति देखी। मौके पर मतदाताओं से सीधे संवाद कर अभियान की जानकारी दी।
भोजपुर जिले के सभी प्रखंडों में बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र बांट रहे हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के तहत यह कार्य हो रहा है। इसका उद्देश्य है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो। कोई भी व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान ज़िलाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त गुंजन सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी दिवाकर दास, भूमि सुधार उपसमाहर्ता आयुष अनंत, प्रखंड विकास पदाधिकारी आरा सदर रवि रंजन और संबंधित बीएलओ मौजूद रहे।
विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के तहत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में अभियान को सफल बनाने के लिए समीक्षा सह प्रशिक्षण बैठक हो रही है। इसी कड़ी में शनिवार को पिरो अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी कृष्ण कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में 196 और 197 विधानसभा क्षेत्रों के लिए बैठक हुई। इसमें बीएलओ और मतदान केंद्र स्तर के अधिकारी शामिल हुए। उन्हें मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम विलोपन और त्रुटियों के सुधार के लिए दिशा-निर्देश और प्रशिक्षण दिया गया। मौके पर सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार गौतम के अलावा प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षक मौजूद रहे। वहीं, 197-जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए जगदीशपुर अनुमंडल कार्यालय के सभागार में भी समीक्षा सह प्रशिक्षण बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता जगदीशपुर अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी संजीत कुमार ने की। बैठक में बीएलओ और मतदान केंद्र स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। उन्हें भी सूची सुधार, अद्यतन और गणना प्रपत्र वितरण से जुड़े कार्यों के लिए निर्देश और प्रशिक्षण दिया गया। मौके पर अवर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तौकीर किब्रिया, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी क्रांति कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार के अलावा बूथ संख्या 121 से 208 तक के बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षक मौजूद रहे।

