Site icon Ara Live

Digital Krishnleela: पांच दिवसीय डिजिटल श्रीकृष्ण लीला महोत्सव शुरू, झांकी देख लोग हुए मंत्रमुग्ध

Digital Krishnleela: रामलीला मैदान में सोमवार शाम पांच दिवसीय डिजिटल श्रीकृष्ण लीला महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। श्रीकृष्ण लीला समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन मेयर इंदु देवी, समिति अध्यक्ष प्रेम पंकज उर्फ ललन, महासचिव आदित्य विजय जैन और कोषाध्यक्ष अरुण कुमार ने मां शारदे की आरती और पूजन कर किया। मंच को फूलों, विद्युत सज्जा और डिजिटल तकनीक से सजाया गया है।

उद्घाटन के बाद मुरादाबाद से आए वैष्णवी कला मंच के कलाकारों ने मंचन शुरू किया। श्रद्धालुओं ने तालियों की गूंज से कलाकारों का स्वागत किया। पहले दिन मां दुर्गा के नौ रूपों का डिजिटल चित्रण किया गया। मंच पर वैष्णो देवी, काली माता, सरस्वती और लक्ष्मी के स्वरूपों को डिजिटल माध्यम से जीवंत किया गया। हाई-डेफिनिशन स्क्रीन पर चलते दृश्यों ने दर्शकों को अलौकिक अनुभव दिया। झांकी में वैष्णो देवी गुफा, त्रिकुट पर्वत, अरधक्वारी, भवन और माता का दरबार डिजिटल रूप में प्रस्तुत किया गया। सरस्वती वंदना और गणेश वंदना की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। महिलाओं और बच्चों की भागीदारी विशेष रही। श्रद्धालु भक्ति भाव से कार्यक्रम में झूमते नजर आए।

कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण प्रेमी आनंद कुमार ने किया। मंचीय और तकनीकी व्यवस्था की दर्शकों ने सराहना की। संरक्षक मंडल में अजय प्रसाद, सत्यनारायण व्याहुत और सलाहकार मंडल के डॉ. कृष्ण कुमार, अभिषेक कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह, संतोष सोनी, सुमित सरावगी, पंकज प्रभाकर, अमित कुमार उर्फ भोलू, रतन प्रताप सिंह, आशुतोष जलान, अमित पांडेय, विजय हिंदू, राहुल बदलानी, डॉ. विकास कुमार, अजय कुमार ने आयोजन की प्रशंसा की। महासचिव आदित्य विजय जैन, सचिव जितेंद्र व्याहुत, कोषाध्यक्ष अरुण कुमार, सह-कोषाध्यक्ष पंकज प्रभाकर, प्रतीक चंद्रवंशी, राजीव कुमार गुड्डू, अभिजीत आनंद, प्रतिक राज और अमरेन्द्र कुमार उर्फ छोटू की भूमिका अहम रही।

अध्यक्ष प्रेम पंकज उर्फ ललन ने कहा कि निश्चित रूप से डिजिटल श्रीकृष्ण लीला का यह आयोजन आस्था, संस्कृति और तकनीक के मेल का एक उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए परंपराओं को आधुनिकता के साथ जोड़ने की दिशा में एक प्रेरणास्पद पहल है। स्वागत समिति में निशांत नैय्यर उर्फ राजन नैय्यर, राहुल चौरसिया, विशाल गुप्ता, विशाल सिंह और आलोक अंजन ने अतिथियों का स्वागत किया। सुरक्षा और मैदान व्यवस्था की जिम्मेदारी राजेश कुमार ने संभाली। उनके नेतृत्व में कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

Exit mobile version