Didi Ki Rasoi in Police Line: आरा के पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार को “दीदी की रसोई” की शुरुआत हुई। जीविका द्वारा संचालित दीदी की रसोई का उद्घाटन जिला पदाधिकारी तनय सुलतानिया और पुलिस अधीक्षक राज ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसका उद्देश्य प्रशिक्षण ले रहे पुलिस जवानों को स्वच्छ, संतुलित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। इस रसोई का संचालन जीविका दीदियों द्वारा किया जा रहा है।
“दीदी की रसोई” का संचालन उन्नति जीविका संकुल स्तरीय संघ कर रहा है। इसके तहत जवानों को रोज तय मेनू के अनुसार नाश्ता, दोपहर का भोजन और चाय दी जा रही है। यह पहल जहां जवानों को गुणवत्तापूर्ण भोजन दे रही है, वहीं जीविका दीदियों के लिए रोजगार का मजबूत जरिया बन रही है। रसोई में काम कर रहीं दीदियों को पहले ही स्वच्छता, पोषण, खाद्य गुणवत्ता और सुरक्षा से जुड़ा प्रशिक्षण दिया गया है। भोजन बनाने से लेकर परोसने तक सफाई का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। दीदियां एप्रन, साफ यूनिफॉर्म और टोपी पहनकर काम कर रही हैं। “स्वाद, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के संगम” के रूप में यह रसोई न सिर्फ जवानों को पोषणयुक्त भोजन दे रही है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही है।
अधिकारियों ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मिसाल बताया। उन्होंने कहा, प्रशिक्षण के दौरान संतुलित भोजन जरूरी होता है। जब इसकी जिम्मेदारी स्थानीय महिलाएं उठाती हैं, तो यह आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनता है।
इस मौके पर जिला परियोजना प्रबंधक जीविका बरुण कुमार, संचार प्रबंधक मनीष कुमार, सुमन कुमार, कमल कुमार, अपर्णा झा, गुड़िया कुमारी, प्रखंड परियोजना प्रबंधक विशाल कुमार, कमलेश कुमार और अभिषेक कुमार सहित कई जीविकाकर्मी मौजूद रहे।

