फटाफट

Dahej Hatya: संदिग्ध अवस्था में गर्भवती की मौत, परिजनो का आरोप- दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल ना देने पर की गई हत्या

Dahej Hatya: भोजपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मोर्चा गांव में शनिवार को संदिग्ध हालत में प्रेग्नेंट महिला की मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका की पहचान राहुल यादव की पत्नी २४ वर्षीय अंजली कुमारी के तौर पर हुई है।

मृतका के मामा विमलेश कुमार ने बताया कि भांजी अंजली कुमारी की शादी मोर्चा गांव निवासी छोटू यादव के पुत्र राहुल यादव से मई 2022 में हुई थी। दहेज में तीन लाख कैश, सोने का चेन और समान दिया गया था। सब कुछ ठीक चल रहा था। फरवरी 2025 में दूसरी भांजी निरंजल कुमारी की शादी हुई थी। उसे दहेज में बाइक दिया था। इसके बाद राहुल बुलेट मांगने लगा। तीन महीने से लगातार भांजी को प्रताड़ित किया जा रहा था। उस वक्त हम लोगों ने कहा था कि बुलेट देने में सक्षम नहीं है। भांजी पर गाड़ी के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

शनिवार सुबह 10 बजे के करीब मेरी बहन ने उसे फोन किया। दामाद ने कहा कि आपकी बेटी बाथरूम में गिर गई है। इलाज के लिए पटना लेकर जा रहे हैं। हालत गंभीर है। इसके बाद बहन ने मुझे फोन किया। एक घंटे तक राहुल को फोन करता रहा, लेकिन उसने नहीं उठाया।

विमलेश कुमार ने बताया कि एक घंटे बाद राहुल ने फोन करके कहा कि आपको नहीं पहचानता हूं। फिर परिवार के सदस्य भांजी के ससुराल पहुंचे। शव जमीन पर पड़ा था। गाल पर गहरा निशान था। जब परिजन ने पूछा कि इसके गले पर निशान कैसा है। इस बात पर वो लोग भड़क गए। लड़की के पिता सुभाष यादव और तीन रिश्तेदार को मारपीट पर जख्मी कर दिया गया है।

मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका 5 भाई-बहन में सबसे बड़ी थी। एक साल का एक बेटा है। तीन महीने की गर्भवती थी। बेटी की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।