Site icon Ara Live

CS Gheraw: अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर जिले के स्वास्थ्य कर्मियों ने सिविल सर्जन कार्यालय का किया घेराव

CS Gheraw: आरा बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के राज्य कमेटी के निर्णय के अनुसार मंगलवार को जिले के स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव किया। करीब 250 की संख्या में एनएचएम, एएनएम, जीएनएम सहित विभिन्न संवर्गों के कर्मियों ने जुलूस निकालकर रोषपूर्ण प्रदर्शन किया।

संघ ने सरकार पर स्वास्थ्य कर्मियों के शोषण का आरोप लगाया। मुख्य मांगों में एनएचएम कर्मियों की हड़ताल अवधि का समायोजन, राज्य स्तरीय संवर्ग को पुनः जिला संवर्ग में परिवर्तन, सामान्य प्रशासन विभाग के पत्र के आलोक में तदर्थ प्रोन्नति, कालावधि आधारित नियमित प्रोन्नति की व्यवस्था, एएनएम-जीएनएम के सभी प्रकार के अवकाश की स्वीकृति जिला स्तर पर करने, तथा सभी राज्य स्तरीय संवर्गों की सेवा संपुष्टि हेतु सिविल सर्जन को प्राधिकृत करने की मांग थी। सभा की अध्यक्षता विनोद यादव और संचालन जिला मंत्री सुबेश सिंह ने किया। अपने संबोधन में सुबेश सिंह ने कहा कि विभाग द्वारा विशेषकर महिला स्वास्थ्य कर्मियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। अवकाश स्वीकृति का अधिकार सिविल सर्जन से लेकर विभाग को दे दिया गया है। जिससे कार्य में जटिलता और विलंब बढ़ गया है। एसीपी और एमएसीपी का लाभ भी विभागीय स्तर से अनुमन्य होगा, और सेवानिवृत्ति के बाद सीमांत लाभ पाने के लिए स्वच्छता प्रमाण पत्र की अनिवार्यता ने प्रक्रिया को लंबा कर दिया है। विनोद यादव ने कहा कि फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, एक्स-रे टेक्नीशियन संवर्गों की सेवा संपुष्टि भी विभागीय स्तर पर सीमित कर दी गई है। यह कर्मचारियों के अधिकारों के खिलाफ है। यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

सभा को अरुण सिंह, रामाकांत सिन्हा और सुमन कुमारी ने भी संबोधित किया। मौके पर राजीव रंजन कुमार, सुरेश गोंड, मीना कुमारी, गुड़िया, सोनू कुमारी, आलोक कुमार व अन्य थे।

Exit mobile version