Crime News Ara: उदवंतनगर थाना क्षेत्र के ढोड़ा के टोला गांव के समीप रविवार की शाम मवेशी व्यापारी केदार सिंह पर हथियारबंद बदमाशों ने लूट के दौरान गोली चला दी। हमले में व्यापारी केदार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद बदमाशों ने उनके पास से डेढ़ लाख रुपए भी लूट लिए।
जख्मी व्यापारी केदार सिंह, संदेश थाना क्षेत्र के जमुआंव गांव निवासी भुटेली सिंह के 40 वर्षीय पुत्र हैं। वे पेशे से मवेशी व्यापारी हैं और गाय-भैंस की खरीद-बिक्री का काम करते हैं। केदार सिंह ने बताया कि वे अपने गांव के साथी राजेश कुमार और चांदी थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी निर्मल सिंह के साथ भैंस खरीदने के लिए संदेश थाना क्षेत्र के मनियच्छ गांव गए थे। सौदा नहीं पटने पर वे तीनों वापस लौट रहे थे।
विवाद बढ़ा फिर चला दी गोली
जब वे ढोड़ा के टोला गांव के पास पहुंचे, तो वहां गांव के ही निवासी रंजय और उसके भतीजे ने उनका रास्ता रोक लिया। रंजय ने उनसे कहा कि रोज तुम गाय-भैंस खरीदते और बेचते हो, हमें पैसा कौन देगा। जिसके बाद केदार सिंह ने जवाब दिया कि तुम्हें किस बात का पैसा चाहिए, कुछ खाना है तो बोलो। इस बात को लेकर तीखी बहस हो गई।
विवाद के दौरान केदार सिंह के दोनों साथी डर के मारे मौके से भाग निकले। जब केदार सिंह ने भी भागने की कोशिश की, तो रंजय ने उन पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी। इसके बाद बदमाशों ने उनके पास से डेढ़ लाख रुपए छीन लिए और फरार हो गए।
पैसे को लेकर था पुराना विवाद- SP
घटना की जानकारी मिलते ही उदवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी। घायल केदार सिंह को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस अधीक्षक राज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जख्मी और आरोपियों के बीच पैसे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान यह हिंसक घटना घटी। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

