Crime News Ara: नगर थाना क्षेत्र के काजी टोला मजार के समीप बुधवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। युवक को पेट, प्राइवेट पार्ट, छाती और दाहिना जांघ पर चार गोलियाँ लगी है। गोली लगने से बुरी तरह घायल अवस्था में स्थानीय लोगों आनन–फानन में आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर विकास सिंह के देखरेख में घायल का ईलाज़ चल रहा है।
जख्मी युवक नगर थाना क्षेत्र के रामगढ़िया मोहल्ला वार्ड नंबर 26 निवासी भरत प्रसाद का 21 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार है। रोशन पैसे से बैलून सजाने का काम करता है।
घटना की जानकारी देते हुए जख्मी युवक रौशन कुमार ने बताया कि काम करने के बाद वह अपने घर जाने के दौरान बिस्किट लेने के लिए रामगढ़ीया मोड़ के पास आया हुआ था। जब वापस लौट रहे थे तब मुहल्ले के पिंटू सम्राट और अंशु आपस में झगड़ रहे थे। इसी बीच पिंटू ने अपने दो दोस्त मुखिया और बजरंगी को फोन कर वहां बुलाया।
जैसे ही वो आगे बढ़े तो पिंटू ने मुझे बुलाया और कहने लगा कि तुम मुहल्ला में गुंडा बनता है। इसी बीच पिंटू के दोनों दोस्तों ने गाली देते हुए कहा कि यही है क्या इसे मारो। इतना ही कहते उसने मुझे ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए चार गोली मार दी। इसके बाद सभी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर मुहल्ले के लोग घर से बाहर निकले और मुझे जख्मी हालत में इलाज के लिए निजी अस्पताल लाया गया।
ईलाज कर रहे चिकित्सक डॉक्टर विकास ने बताया कि एक 21 वर्षीय युवक को चार गोली लगी है। गोली लगने से घायल का खून काफी बह गया। ऑपरेशन कर गोली निकाल लिया गया है। अभी ऑब्जर्वेशन में रखकर उसका इलाज किया जाएगा। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थानाध्यक्ष देवराज राय अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं।

