Crime News Ara: आरा की नवादा थाना पुलिस ने स्कूली छात्रा से दुष्कर्म में फरार ईनामी अपराधी कल्लू पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। नवादा थाना क्षेत्र के बहिरो निवासी कल्लू पासवान उर्फ विशाल कुमार को गुरुवार को पटना के बिहटा से गिरफ्तार किया गया है। दुष्कर्म के मामले में वह करीब चार माह से फरार चल रहा था।
कल्लू पासवान के खिलाफ नवादा थाना रंगदारी, डकैती की साजिश, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित 10 मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर हाल में 25 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया गया था।
SP मिस्टर राज ने शुक्रवार को उसकी गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस कल्लू पासवान उर्फ विशाल कुमार की गिरफ्तारी को लेकर काफी दिनों से छापेमारी कर रही थी। गुरुवार को उसके बिहटा होने की सूचना मिली। उस आधार पर थानाध्यक्ष विपिन बिहारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कल्लू का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार 16 अक्टूबर,2024 को एक आठवीं की एक छात्रा स्कूल जा रही थी। उसे रास्ते से जबरन बाइक से उठाकर ले जाने के बाद दो लड़कों द्वारा गोली मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया गया था। उसके बाद उसे बाइक से घर पहुंचा दिया गया था। उस मामले में कल्लू पासवान उर्फ विशाल कुमार सहित दो अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। उससे पहले 29 अप्रैल की रात बहिरो लख स्थित एक खटाल में हथियार के बल पर तोड़ फोड़ और पैसे की लूट की गयी थी। उस मामले में कल्लू पासवान सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी।

