Crime News Ara: रविवार गणतंत्र दिवस के दिन झंडोत्तोलन कर स्कूल से लौट रहे एक शिक्षक को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली जबड़े में लगी और कान के नीचे से निकल गई। वारदात के बाद बाइक पर सवार दो अपराधी फरार हो गए। घायल शिक्षक ने किसी प्रकार अपने परिजन को सूचना दी। तब परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में ही थाने जाकर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
घायल शिक्षक बहोरनपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी शिव रतन साह के 36 वर्षीय बेटे योगेंद्र कुमार हैं। घटना बहोरनपुर थाना क्षेत्र के बहोरनपुर और दामोदरपुर गांव के बीच बांध के पास की है। वे बहोरनपुर पंचायत के चमरपुर गांव स्थित मध्य विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। योगेंद्र कुमार ने किसी भी विवाद या दुश्मनी से इनकार किया है। गोली मारने का कारण भी अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही बहोरनपुर थाना अध्यक्ष अभय शंकर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच में जुट गए। जगदीशपुर डीएसपी राजीव चंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जख्मी शिक्षक झंडोतोलन के बाद अपने बाइक से घर जा रहे थे, इसी बीच अपराधियों ने उनपर गोली चलाई। हालांकि, घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद हमारी टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। घटना स्थल से एक खोखा और एक खोखा मिला है। DIU और स्थानीय पुलिस की टीम अपराधियों की गिरफ्तारी में लगी है।
घायल व्यक्ति को ईलाज के लिए आरा के एक निजी क्लिनिक लाया गया था। ईलाज़ करने वाले डॉक्टर विकास सिंह ने बताया कि गोली दाहिने साइड जबड़े को छेदते हुए दाहिने साइड कान के नीचे से निकल गई। खून काफी बह गया था। ऑपरेशन कर डैमेज पार्ट को ठीक कर दिया। मरीज की स्थिति अभी ठीक है।

