Crime News: आरा शहर में रविवार को बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवक अपने घर के पास बैठा था, तभी बाइक सवार 3 बदमाश पहुंचे और उसपर गोली चला दी। गोली लगने के बाद भाग कर घर में छिपते युवक पर लगातार फायरिंग हुई। अंततः घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
युवक को 3 गोली लगी है। एक गोली बाएं साइड गाल, एक गोली दाहिने साइड और एक गोली सीने के ऊपर लगी है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना टाउन थाना क्षेत्र के अंबेडकर कॉलोनी की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थानाध्यक्ष देवराज राय, DIU की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। मृतक की पहचान बिरजू कुमार के रूप में हुई है।
बड़े भाई को आए थे मारने, छोटे को बाहर बैठा देख चला दी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत युवक का बड़ा भाई अपराधी है और मर्डर केस में जेल जा चुका है। मृतक के पिता सुदामा प्रसाद ने बताया, ‘मेरा बड़ा बेटा वीर इलाके में हो रहे देसी और विदेशी शराब की तस्करी का विरोध करता है।’
‘इसकी वजह से पांच महीने पहले बदमाशों ने वीर को जान से मारने की धमकी भी दी थी। बदमाश बड़े बेटे को मारने आए थे, लेकिन छोटे को गोली मारी दी।’
बिरजू नाश्ता करने के बाद घर के पास एक पेड़ के नीचे बैठा था। इसी दौरान एक बाइक पर तीन बदमाश पहुंचे। तीनों ने कुछ देर खड़ा रहने के बाद बिरजू पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
बिरजू किसी तरह अपनी जान बचाकर एक घर में घुस गया, लेकिन पीछा कर बदमाशों ने एक के बाद एक तीन गोली मार दी। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
पुराने विवाद में हुई हत्या
पुलिस अधीक्षक राज ने बताया कि 22 फरवरी 2022 को मैकेनिक सुशील कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में मृतक के बड़े भाई पर केस दर्ज है।
पुलिस ने परिजनों के बयान पर केस दर्ज किया है। कुछ बदमाशों के नाम सामने आए है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एक टीम का गठन किया गया है।’
ASP परिचय कुमार ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की है। उन्होंने कहा, ‘पुराने विवाद में बिरजू की हत्या की गई है। अपराधियों ने उनके घर के पास ही गोली मारी है, जो इस घटना में शामिल थे, उन्हें चिह्नित कर लिया गया है। घटनास्थल से पांच खोखा और एक पिलेट बरामद किया गया है।’

