Crime News: आरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव में रविवार रात छत पर सोई महिला को गोली लग गई। गोली महिला की पीठ के दाहिने हिस्से में लगी। खून से लथपथ हालत में परिजन उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
महिला की पहचान लक्ष्मणपुर गांव निवासी स्व. त्रिलोकी प्रसाद की 45 वर्षीय पत्नी कलावती देवी के रूप में हुई है। कलावती देवी ने बताया कि वह रात को खाना खाकर बच्चों और परिवार के साथ छत पर सोई थीं। अचानक पीठ में तेज दर्द हुआ। चीखने पर बगल में सोई बेटी जागी। बेटी ने देखा कि पीठ से खून बह रहा है। तभी नीचे एक गोली गिरी दिखी। इसके बाद परिवार को जानकारी दी गई। परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
कलावती देवी ने बताया कि गांव में किसी से दुश्मनी नहीं है। किसी पर शक भी नहीं है। गोली किसने और क्यों चलाई, यह जांच का विषय है। पति की मौत चार साल पहले सड़क हादसे में हो गई थी। तब से एक बेटे और पांच बेटियों की जिम्मेदारी खुद संभाल रही हैं।
आरा मुफस्सिल थाना के थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जांच में महिला के बिस्तर के पास एक पिलेट मिला। एफएसएल की टीम ने भी जांच की। घायल महिला के बयान पर तीन संदिग्धों के खिलाफ नामजद केस दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

