Crime News: भोजपुर ज़िले के सिन्हा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव में गुरुवार की सुबह एक महिला का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के छज्जे की कुंडी से लटका हुआ था। मृतका के गले के पास अर्द्ध चंद्राकार के आकार का काला निशान पाया गया। मृतका मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर फांसी लगाकर मारने का आरोप लगाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका सिन्हा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव निवासी राहुल सिंह की 22 वर्षीया पत्नी बबीता कुमारी है। मृतका की छोटी बहन कविता कुमारी ने बताया कि उसके पिता राजू सिंह ने 10 फरवरी, 2022 को उसकी बहन बबीता कुमारी की शादी सिन्हा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव निवासी जगदीश सिंह के पुत्र राहुल सिंह से की थी। शादी के एक साल बीत जाने के बाद उसके ससुरालवालों ने बाइक व सोने की चेन की मांग की थी। इसे लेकर उसे बराबर प्रताड़ित किया जा रहा था। इस दौरान पिता कई बार उसके ससुराल गये और समझौता किया। पर ससुराल वाले मान नहीं रहे थे।
इसी बीच गुरुवार की सुबह उसके जीजा राहुल सिंह द्वारा फोन कर उसके पिता को सूचना दी कि उनकी बेटी की हालात सीरियस है और सास-ससुर उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे हैं। सूचना पाकर परिजन जब उसके ससुराल सेमरिया गांव पहुंचे, तो देखा कि बबीता कुमारी मृत अवस्था में आंगन में पड़ी है। उसके ससुराल के लोग चुपचाप बैठे थे। उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी।
सूचना पाकर स्थानीय थाना मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। जानकरी के अनुसार, मृतका पति महाराष्ट्र के नागपुर में रहकर प्राइवेट काम करता है। मृतका पांच बहन व एक भाई में चौथे स्थान पर थी। उसके परिवार में मां व दो पुत्री रिद्धि एवं सिद्धि है।

