CPI- ML: भाकपा-माले की “बदलो सरकार, बदलो बिहार” यात्रा मंगलवार को छठे दिन अगिआंव विधानसभा और पीरो पहुंची। यह यात्रा 18 जून को इंद्रपुरी बराज से शुरू हुई थी। अगिआंव विधानसभा के नारायणपुर, अगिआंव, गड़हनी, चरपोखरी, पीरो और हसनबाजार में किसानों, मजदूरों, छात्रों, महिलाओं और युवाओं ने फूल-मालाओं से यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं और जनसभाएं हुईं।
यात्रा का नेतृत्व आरा सांसद सुदामा प्रसाद, काराकाट विधायक अरुण सिंह, डुमरांव विधायक अजित कुमार सिंह, अगिआंव विधायक शिवप्रकाश रंजन, केंद्रीय कमिटी सदस्य राजू यादव, इंसाफ मंच के राज्य सचिव कयामुद्दीन अंसारी, आइसा के राज्य सचिव सबीर कुमार, ऐपवा नेत्री इंदु सिंह और संगीता सिंह कर रहे हैं। सभा में भाकपा-माले नेताओं ने कहा कि दुनियाभर में अमेरिकी दादागिरी के कारण तीसरे विश्वयुद्ध का खतरा मंडरा रहा है। अमन पसंद लोगों को इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
बिहार में चुनाव नजदीक आते ही भाजपा-जदयू सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन में सिर्फ 700 रुपये की बढ़ोतरी की है। भाकपा-माले ने इसे 3000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की थी। सरकार ने चुनावी दबाव में यह फैसला लिया है, जो जनता की तकलीफ पर सौदा है। नेताओं ने आगे कहा कि सरकार का बजट बढ़ रहा है, लेकिन किसानों के लिए कोई प्रावधान नहीं है। शाहाबाद के किसानों की वर्षों पुरानी मांगें अब तक नहीं मानी गई हैं। पार्टी लंबे समय से सोन नहर के आधुनिकीकरण और इंद्रपुरी बराज के निर्माण की मांग कर रही है। मुख्यमंत्री बिक्रमगंज आते हैं, लेकिन इन मुद्दों पर चुप रहते हैं। डबल इंजन की सरकार में अपराधी बेखौफ हैं। दिनदहाड़े व्यवसायियों की हत्या और दुकानों में लूट हो रही है। पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। भाजपा के सांसद और विधायक इन मुद्दों पर चुप हैं। महिलाओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। प्रधानमंत्री बिक्रमगंज आए थे, लेकिन सासाराम की स्नेह कुशवाह की मां की न्याय की गुहार नहीं सुनी। भाषणों में महिलाओं की बात करते हैं, लेकिन असल में न्याय नहीं मिलता।
बदलो सरकार बदलो बिहार यात्रा के दौरान सभा गड़हनी। गड़हनी प्रखंड में बदलो सरकार बदलो बिहार यात्रा के दौरान सभा हुई। सभा में भाकपा-माले नेताओं ने डबल इंजन की सरकार पर निशाना साधा। सभा के अंत में सभी नेताओं ने डॉ भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। मौके पर भाकपा-माले के प्रखंड सचिव रघुबर पासवान, भोला यादव, जयकुमार यादव, सुनील पासवान, विष्णु मोहन, लालू यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाकपा-माले की यात्रा बुधवार को अगिआंव बाजार, जितौरा, जगदीशपुर, बिहिया, धोबहा और आरा पहुंचेगी। इस दौरान नुक्कड़ सभा, सभा, स्वागत होगा। वहीं आरा में डॉ भीम राव अंबेडकर और जयप्रकाश नारायण की मूर्ति पर माल्यार्पण कर क्रांति पार्क में पार्टी के महान नेताओं की मूर्ति पर माल्यार्पण के साथ यात्रा की समाप्ति होगा। जगदीशपुर से यात्रा का नेतृत्व भाकपा-माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य करेंगे। जगदीशपुर व धोबहाँ बाजार पर होनेवाली सभा में मुख्य वक्ता होंगे।

