फटाफट

Chandan Mishra Murder Case:पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो अपराधियों को लगी गोली, चंदन मिश्रा हत्याकांड में संलिप्त तीन आरोपी गिरफ़्तार

Chandan Mishra Murder Case: भोजपुर ज़िले के आरा के पास बिहियाँ में कुख्यात चंदन मिश्रा हत्याकांड में संलिप्त कुछ आरोपियों और भोजपुर पुलिस व स्पेशल टास्क फोर्स (STF)  के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें दो अपराधियों को मुठभेड़ में गोली लगी है। हथियार भी बरामद किए गए हैं।

STF को गैंगस्टर मर्डर केस से जुड़े 3 अपराधियों बलवंत सिंह, रवि रंजन और अभिषेक के बिहियां थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी।  बिहिया-कटेया पथ पर नदी के समीप करीब सुबह छह बजे पुलिस ने उन्हें घेर लिया। पहले बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें बलवंत और रवि रंजन को पैर में गोली लगी। जबकि अभिषेक गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों घायलों को आरा सदर अस्पताल भेजा गया है।

गिरफ़्तार आरोपियों के पास से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा, दो मैगजीन और 4 कारतूस बरामद किए गए हैं।

दोनों जख्मी अपराधियों को सुबह 6.25 बजे बिहिया अस्पताल लाया गया। यहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविरंजन को जांघ में गोली लगी है, जबकि बलवंत को हाथ-पैर में गोली लगी है।

भोजपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बारे में दी जानकारी

भोजपुर पुलिस ने प्रेस रीलिज जारी करके बताया कि 22 जुलाई यानी मंगलवार की सुबह 5 बजे बिहिया थाना के थानाध्यक्ष समेत थाना के अन्य पुलिस अधिकारियों और एसटीएफ के द्वारा कटिया रोड के पास हथियार के साथ लैश अपराधी को चिन्हित करके घेरा गया। पुलिस ने अपराधी को सरेंडर करने बोला लेकिन अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोली चलायी। इस क्रम में तीन अपराधियों को गिरफ़्तार किया गया। दो अपराधियों बलवंत कुमार सिंह और रविरंजन कुमार सिंह को हाथ-पांव में गोली लगी है। पुलिस हिरासत में ही दोनों का इलाज चल रहा है।

गिरफ़्तार अपराधियों में बक्सर जिला के लीलाधरपुर निवासी जंगबहादुर सिंह का पुत्र बलवंत कुमार (उम्र 22 वर्ष), परसिया निवासी गोपाल प्रसाद का पुत्र अभिषेक और भोजपुर जिला के चकरही, बिहिया निवासी केश्वर सिंह का बेटा रविरंजन सिंह (उम्र 20 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार चंदन मिश्रा हत्याकांड के पीछे संगठित गिरोह का हाथ है। जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी।

पारस अस्पताल में चंदन मिश्रा की हत्या में बलवंत नामजद आरोपी था। मृतक चंदन मिश्रा के पिता ने उसका नाम दिया था।