Site icon Ara Live

BLO found Dead: छः दिनो से लापता BLO का मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

BLO found Dead: भोजपुर में छह दिन से लापता शिक्षा सेवक (BLO) का शव मिला है। सिर और दोनों पैर पर चोट के निशान हैं। परिजनों ने जमीन विवाद में अगवा कर हत्या की आशंका जताई है। शव पूरी तरह से ख़राब हो चुका था।

मृतक की पहचान चांदी थाना क्षेत्र के नरबीरपुर गांव निवासी 40 वर्षीय सुनील प्रसाद के तौर पर हुई है। वर्तमान में धमनियां गांव के शांतिनगर वार्ड-5 में रहते थे। कोईलवर में शिक्षा सेवक के पद पर कार्यरत थे। घटना गड़हनी थाना क्षेत्र के गड़हनी रेलवे स्टेशन के पास की है।

मृतक के परिजन विजय कुमार राम ने बताया कि बहनोई की चाची उमरावती देवी ने साढ़े पांच डिसमिल जमीन डोमन शर्मा को बेच दी थी। जमीन बेचवाने में डोमन शर्मा का समधी विजय शर्मा शामिल था। करीब दो साल पहले उसी जमीन को खरीदने के लिए मैंने डोमन शर्मा से एग्रीमेंट करा लिया था। इस बीच जीजा सुनील प्रसाद मेरे घर धमनियां गांव के शांतिनगर में रहने के लिए आ गए। जमीन में कुछ हिस्सा बहनोई ने भी लिया था। लेकिन अभी रजिस्ट्री नहीं हुआ था। डोमन शर्मा के समधी विजय शर्मा जमीन बेचने से मना करता था और कहता था कि उस जमीन पर हम जबरन कब्जा कर लेंगे। इसी बात को लेकर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। 21 अगस्त को मेरे जीजा ड्यूटी पर कोईलवर जाने के लिए घर से निकले थे। शाम तक घर वापस नहीं आने के बाद खोजबीन की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद 22 अगस्त को थाने में लिखित आवेदन दिया। धमकी के संबंध में पुलिस को जानकारी दी गई थी। उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।

बुधवार को स्थानीय लोगों से शव मिलने की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। कपड़े से पहचान की गई। मृतक के पांच बेटी नेहा, पूजा, निशु, सलोनी, रोहिणी और एक बेटा प्रिंस है। पत्नी आरती देवी, मां समुद्री देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Exit mobile version