Site icon Ara Live

Bihar Weather Update: पछुआ हवा और घने कोहरे के साथ बढ़ी कनकनी, बिहार के 15 जिलों में आज गलन वाली ठंड

बिहार के कई ज़िलों में आज घने कोहरे के साथ गलन वाली ठंड शुरू ही गई है। उत्तर-पछुआ हवा लगातार चल रही है, इससे प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर दिन और रात के तापमान में औसतन चार से पांच डिग्री का अंतर रह गया है। जिसके कारण लोगों को गलन और कनकनी महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को पटना, भोजपुर, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, समस्तीपुर, जहानाबाद, अरवल, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, शिवहर, सीतामढ़ी, बेगुसराय, कटिहार, सुपौल, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सहरसा, पूर्णिया, भागलपुर और किशनगंज जिलों के भागों में देर रात और सुबह तक घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है।

अगले दो दिनों तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राज्य में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से सात डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। राज्य में न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, राज्य में अधिकतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस सामान्य से कम बने रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य में अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड बने रहने के आसार हैं। हालांकि तीन दिन बाद से एक-दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है। इस तरह प्रदेश में ठंड में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहने की आशंका है। गुरुवार को राज्य में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस गया जिला के डुमरिया प्रखंड में दर्ज किया गया है। 

छाया रहेगा घना कोहरा

आइएमडी पटना के पूर्वानुमान के मुताबिक लगभग पूरे राज्य में कोहरा अथवा कुहासे की स्थिति बनी रहेगी. बिहार में दिन में कोहरा या कुहासे की एक विशेष परिस्थिति बन रही है। जिसकी वजह से बिना बादल के सूरज का दिखना मुश्किल हो गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सुबह शुरू होने वाला कोहरा हवा तेज हो जाने से कोहरा या धुंध सतह से करीब एक से दो हजार फीट ऊपर जा कर परत के रूप में इकट्ठी हो जाती है। इससे दिन में सूरज की रोशनी सतह तक नहीं आ पा रही है। लिहाजा उच्चतम तापमान गिर जाता है। इस मौसमी परिस्थिति में वातावरण में लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है। राज्य में अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस नवादा जिला के गोविंदपुर प्रखंड और गया जिला के डुमरिया में दर्ज किया गया है।

इसके साथ ही तेज चल रही पछुआ हवा और धूप ना होने की वजह से गलन वाली ठंड है। फ़िलहाल, किसी चौक चौराहे पर ज़िला प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था नहीं दिखाई दे रही।
Exit mobile version