Ara Nagar Nigam: आरा नगर निगम को 15.15 करोड़ रुपए का आवंटन उपलब्ध कराया गया है। यह राशि नगर विकास एवं आवास विभाग से आवंटित है।
नगर विकास एवं आवास विभाग ने नन मिलियन प्लस आबादी वाले राज्य के 18 शहरों के नगर निगम को 293 करोड़ रुपये का आवंटन उपलब्ध कराया है। 15वें वित्त आयोग की अनुशंसा पर यह राशि टाइड व अनटाइड ग्रांट (अनुदान) के रूप में मिली है। यह 2024-25 के लिए अनुशंसित प्रथम किस्त की राशि है।
प्रावधानों के मुताबिक टाइड ग्रांट (आबद्ध अनुदान) के रूप में मिली राशि का 30%स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन , जबकि 30%राशि पेयजल, वर्षा जल संचयन एवं जल पुनर्चक्रण कार्यों पर खर्च की जायेगी। वहीं, अनटाइड ग्रांट की राशि मानदेय, भत्ता भुगतान से लेकर सरकारी बिलों के बकाया भुगतान पर खर्च की जा सकती है।
इन 18 शहरों को मिला आवंटन
आरा नगर निगम को 15.15 करोड़ रुपए का आवंटन मिला है। इसके अलावा सबसे अधिक 27.27 करोड़ रुपये गया नगर निगम को मिले हैं। इसके साथ ही भागलपुर को 22.89 करोड़, मुजफ्फरपुर को 20.37 करोड़ और बिहारशरीफ को 19.58 करोड़ रुपये दिये गये हैं। अन्य नगर निगमों में दरभंगा को 16.88 करोड़, पूर्णिया को 17.39 करोड़, सासाराम को 17.37 करोड़, समस्तीपुर को 16.72 करोड़, बेगूसराय को 14.95 करोड़, बेतिया को 14 करोड़, कटिहार को 13.90 करोड़, मोतिहारी को 13.72 करोड़, सीतामढ़ी को 15.35 करोड़, सहरसा को 13.33 करोड़, मुंगेर को 12.22 करोड़, छपरा को 11.60 करोड़ और मधुबनी को करीब 10 करोड़ रुपये का आवंटन उपलब्ध कराया गया है।

