Site icon Ara Live

Administration alert for Ramnavami: रामनवमी को लेकर प्रशासन मुस्तैद, 265 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सुरक्षाबल रहेंगे तैनात

Administration alert for Ramnavami: रामनवमी को लेकर जितना उत्साह शहरवासियों को है, उतनी ही शिद्दत से ज़िला प्रशासन भी इसे शांति पूर्वक सम्पन्न कराने में लगा हुआ है। इसे लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में डीएम तनय सुल्तानिया व एसपी श्रीराज के संयुक्त तत्वाधान में बैठक हुई। बैठक में रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संयुक्त ब्रीफिंग की। इसमें प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।

उन्होंने जानकरी देते हुए बताया कि जिले के 265 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सुरक्षाबल तैनात रहेंगे। इसके साथ ही अफवाह फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और उपद्रव फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।  अधिकारियों ने बताया कि रामनवमी पर मंदिरों और ठाकुरबाड़ियों में भारी भीड़ उमड़ती है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने निर्धारित स्थल पर समय से पहुंचें। अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बिना अनुमति कोई भी जुलूस न निकले। नया लाइसेंस देने से पहले रूट का संयुक्त सत्यापन जरूरी होगा। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है कि शोभायात्रा के पीछे एंबुलेंस और जरूरी दवाओं की व्यवस्था रखें। सदर अस्पताल, आरा में इमरजेंसी के लिए डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, जीवन रक्षक दवाएं और अन्य सुविधाएं तैयार रहे।

जुलूस की होगी विडियोग्राफी, कंट्रोल रूम से निगरानी जिले में कानून-व्यवस्था की लगातार निगरानी के लिए समाहरणालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा। इसका दूरभाष नंबर 06182-248702 है। हर जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। शोभायात्रा की निगरानी ड्रोन से होगी। डीजे पर पूरी तरह रोक रहेगी। लाउडस्पीकर की आवाज तय मानक से अधिक नहीं हो, इसका सख्ती से पालन होगा। डीएम और एसपी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे रामनवमी पर्व को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। मौके पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सत्य प्रकाश, सदर एसडीओ रश्मि सिन्हा, एएसपी परिचय कुमार सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version