Crime News Ara: जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव में रविवार की रात एक बारात में मामूली विवाद को लेकर कुछ लोगों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग की गयी। इस फायरिंग की घटना में गोली लगने से किशोर सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों में दो की स्थिति काफी नाजुक बनी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत युवको का नाम लहरपा गांव निवासी राहुल कुमार और लवकुश है। घायलों में उसी गांव के अप्पू कुमार, पंकज कुमार और नारायणपुर थाना क्षेत्र के भलुनी गांव का निवासी अक्षय सिंह है। इनमें कुछ घायलों का इलाज सदर और कुछ का निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। लेकिन, गांव में थार कार से दूसरी गाड़ी के सटने के विवाद में वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है।
थानाध्यक्ष रणवीर कुमार के नेतृत्व में पहुंची पुलिस मामले की छानबीन और गोलीबारी करने वालों की धरपकड़ में जुट गई है। एएसपी परिचय कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और अपने स्तर से छानबीन की। पोरे घटनाक्रम को लेकर भोजपुर पुलिस अधीक्षक राज ने बताया कि अभी तक एक की मौत और चार लोगों को गोली लगने की बात सामने आयी है। घटना के कारणों की छानबीन की जा रही है। फायरिंग करने वालों की पहचान और धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है।
क्या रही गोलीबारी की वजह
फायरिंग में मौत और चार लोगों के जख्मी होने की घटना से बारात में भगदड़ और अफरातफरी मच गई। बाराती और साराती भागने लगे। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात लहरपा गांव निवासी किसान सलाहकार कमलेश कुमार के घर बारात आयी थी। लड़की के दरवाजे पर द्वारपूजा का कार्यक्रम चल रहा था। तभी कुछ लोग एक थार गाड़ी से पहुंचे। गली तंग होने के कारण थार और दूल्हे की गाड़ी आपस में सट गई। इस दौरान थार गाड़ी के शीशा टूट गया। उससे गुस्साए थार सवार लोगों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग की जाने लगी। जिसमें पांच लोगों को गोली लग गई। एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


 
			 
			 
			 
			