Crime News: शहर के नगर थाना क्षेत्र के भलुहीपुर गांव में गुरुवार की सुबह अपराधियों ने ऑटो चालक गोलू कुमार (19) की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। अपराधी छः की संख्या में थे। मृतक गोलू के सिर, कंधे, पसली, कमर और पेट में 6 गोलियां मारी गई हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह गोलू कुमार अपने घर से गाय खरीदने के लिए पशु मेला जा रहा है। मां से करीब दो लाख रुपए लेकर गड़हनी पशु मेला जाने के लिए वो निकला था, इसी बीच गांव के अखाड़ा के पास आकर क्रिकेट खेल रहे लड़कों को देखने लगा।
इसी दौरान छह की संख्या में आए अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
गोली लगने के बाद गोलू की गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। लेकिन जांच के बाद डॉक्टर्स की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के भलुहीपुर गांव के वार्ड नंबर 31 निवासी वकील यादव के बेटे के रूप में हुई है।
अपराधियों ने कहा था- आज घर जाओ, कल मारेंगे गोली
घटना को लेकर मृतक के भाई मनीष ने बताया कि गोलू आरा गांगी से आरा स्टेशन के बीच ऑटो चलाता था। कुछ दिन पहले गांव के लड़के से मारपीट हुई थी। इस मामले में गोलू समेत दो लड़कों पर केस किया गया था।
गोलू अक्सर उन लोगों से केस खत्म करने की बात कहता था। गोलू कहता था कि क्यों जेल भेजवाने में लगे हो। इसी को लेकर बुधवार की देर शाम उनलोगों से झगड़ा हुआ था। बुधवार को झगड़े के दौरान गोली मारने की धमकी भी दी गई थी। उन्होंने कहा था की आज घर जाओ कल गोली मारेंगे।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए भोजपुर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि “एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। कुछ लड़कों का नाम सामने आया है। एक टीम बनाकर सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। हत्या के पीछे पहले का विवाद सामने आ रहा है। जल्द से ही इसका खुलासा जाएगा।”


 
			 
			 
			 
			