फटाफट

Swacch Bharat Mission: शौचालय विहिन परिवारों को निर्माण और उपयोग के लिए किया जा रहा प्रेरित, DM कर रहे निरीक्षण

Swacch Bharat Mission: स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत महादलित टोलों में शौचालय निर्माण कराया जा रहा है। मार्च से शुरू हुए इस अभियान में अब तक जिले के 14 प्रखंडों के 1378 महादलित टोलों में से 576 टोलों में सामुदायिक उत्प्रेरण का कार्य शुरू हुआ। 22394 महादलित परिवारों को शौचालय निर्माण के लिए चिन्हित किया गया। इनमें सबसे अधिक 3421 परिवार अगिआंव प्रखंड में और सबसे कम 260 परिवार पीरो प्रखंड में चिन्हित हुए। शौचालय विहिन परिवारों को निर्माण और उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत शौचालय निर्माण के बाद मिलने वाली ₹12000 की प्रोत्साहन राशि की जानकारी दी जा रही है।

इस कार्य के लिए जिले से लेकर प्रखंड और टोला स्तर तक नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति हुई है। हर सोमवार को जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया निरीक्षण करते हैं। महादलित टोलों में चिन्हित 22394 घरों में से अब तक 128 शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है। इनमें से 16 की प्रविष्टि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के पोर्टल पर की गई। 427 घरों में शौचालय निर्माण के लिए गड्ढा खुदाई पूरी हो चुकी है। 235 शौचालय निर्माणाधीन हैं। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के जिला समन्वयक रंजय बैठा ने बताया कि डीएम तनय सुल्तानिया के निर्देश पर मार्च के पहले सप्ताह से महादलित टोलों में शौचालय निर्माण अभियान शुरू हुआ। अब तक 22394 परिवार चिन्हित किए गए। सभी को इस योजना से आच्छादित किया जाएगा।

चार लाख से अधिक घरों में हुआ शौचालय निर्माण वित्तीय वर्ष 2024-25 में अब तक जिले में चार लाख से अधिक परिवारों के घरों में शौचालय बनाए गए। नुक्कड़ नाटक, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य माध्यमों से शौचालय के फायदे बताए जा रहे हैं। जिससे लोग स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हों। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को शौचालय निर्माण के लिए प्रोत्साहन राशि के तौर पर वित्तीय सहायता दी जाती है। शौचालय निर्माण में तीन फीट के अलग-अलग दो गड्ढों का निर्माण किया जाता है। शौचालय की सीट लगी कक्ष और पानी की व्यवस्था के लिए एक पानी का टैंक और पाइप लाइन लगाया जाता है। शौचालय निर्माण के उपरांत स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की पोर्टल पर प्रविष्टि की जाती है। उसके बाद शौचालय की जियो टैगिंग व आधार अपडेशन होने के बाद लाभार्थी के खाते में प्रोत्साहन राशि ₹12000 भेज दी जाती है।