फटाफट

Ex IPS Anand Mishra in Bhojpur: शाहपुर पहुँचे आनंद मिश्रा का हुआ भव्य स्वागत, जन सुराज युवा संघर्ष यात्रा के तहत आए है भोजपुर

Ex IPS Anand Mishra in Bhojpur: पीले जनसुराजी झंडे, पीली बाईक्स, पीले हेलमेट, जोश में जय बिहार… जय- जय बिहार… का नारा लगाते युवाओं का जत्था और सबसे आगे नेतृत्व करते हुए तिरंगा लहराते बुलेट बाईक पर सवार युवाओं के आइकॉन व पूर्व IPS आनंद मिश्रा और उन्हें देखने के लिए सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब….। यह दृश्य बन पड़ा था, जब शुक्रवार को ‘जन सुराज युवा संघर्ष यात्रा’ के दौरान आनंद मिश्रा की बाईक रैली भोजपुर में प्रवेश करते हुए पहले चरण में शाहपुर पहुँची।

 

  • बोले आनंद- यह व्यवस्था परिवर्तन का समय

  • जगह- जगह लोगों ने किया स्वागत 

  • जेसीबी से हुई पुष्पवर्षा

  • जय बिहार जय जय बिहार के लगते रहे नारे

कई ज़िलों से होते हुए जन सुराज युवा संघर्ष यात्रा अपने 27वें दिन बक्सर से भोजपुर में प्रवेश लेते हुए शाहपुर के करनामेपुर पहुँची। सड़क के दोनो किनारे खड़ी शाहपुर की जनता ने यात्रा का नेतृत्व कर रहे जन सुराज(युवा) के प्रदेश अध्यक्ष आनंद मिश्रा समेत सभी यात्रियों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। स्वागत में हज़ारों लोग हाथो में जन सुराज के पीले झंडे लहरा रहे थे। घुड़सवारों का जत्था भी पूरे उत्साह के साथ आगे-आगे चल रहा था।

करनामेपुर उच्च विद्यालय में हुई पहली स्वागत सभा

पहले पड़ाव के तहत करनामेपुर उच्च विद्यालय में आनंद मिश्रा के लिए एक सभा का आयोजन किया गया था। जहां मंच पर उन्हें सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया तथा स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मंच से आनंद ने सभा में जुटे लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि यहाँ बहुत सीमित लोगों में चुनावी लड़ाई होते रहती है। पर, अब परिवर्तन का समय है। बाढ़ और सुखाड के साथ क्षेत्र हर बार लड़ता है। दियारा क्षेत्र की अपनी समस्याएँ है, पर भोगोलिक दृष्टिकोण से कभी कोई काम नहीं करता। बस जातिगत लड़ाई होते रहती है। अब लोगों को इससे ऊपर उठकर अपना नेता चुनना है। यहाँ के कार्यक्रम का कार्यभार विनय कृष्ण मिश्रा ने सम्भाला।

पुष्पवर्षा और जयकारे के साथ जगह- जगह हुआ स्वागत

करनामेपुर से आगे बढ़ी रैली का भरौली बाज़ार पर भी भव्य स्वागत किया गया। अगले पड़ाव में शाहपुर बाज़ार पर ज़िला सचिव युवा नेता सौरभ पांडेय के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने स्वागत करते हुए फूलमालाएँ पहनाई और पुष्प वर्षा कर आनंद के साथ रहने की बात कही। लोगों से बातचीत करते, मिलते आनंद बढ़ते रहे। वे जहां से गुजरते वहाँ हर तराफ खड़े लोग जय बिहार जय- जय बिहार के जयकारे लगाने लगते।

इसी तरह बाईक सवार यात्रियों का कारवाँ बढ़ते हुए शाहपुर हाइवे पर पहुँचा जहां अनुरानी झा के नेतृत्व में पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया गया। वहाँ से फिर बाइक रैली सड़कों और गाँव की गलियों में जागरूकता और व्यवस्था परिवर्तन का संदेश देते हुए आगे बढ़ती रही। रास्ते में कई स्थानो पर कोचिंग संस्थानो के विद्यार्थी बाहर आकर आनंद मिश्रा से मिलते रहे। हर युवा इस बार जनसुराज के साथ खड़े होने की बात कहता दिखा।

इस बीच कई स्थानों पर गाँव की गलियों और लोगों के घरों तक जाकर आनंद मिश्रा ने उनकी समस्याएँ सुनी। कई स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें अपनी परेशानी बताई। आनंद ने उनके प्रति सहानुभूति और संवेदना व्यक्त करते हुए हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया।

महिला ज़िलाध्यक्ष ने सभी यात्रियों को गमछा देकर किया अभिनंदन

गोधूली वेला होते- होते संघर्ष यात्री बिहिया की ओर बढ़ चले। बिहिया में कारवाँ के साथ ज़िला महिला अध्यक्ष डॉ पद्मा ओझा स्कूटी पर सवार होकर यात्रियों के साथ चल पड़ी। उनके नेतृत्व में कई किलोमीटर की यात्रा में गाँव की ख़राब सड़के और लोगों की अन्य समस्याएँ देखी गई। ऊबड़- खाबड़ सड़कों से गुजरते हुए आनंद मिश्रा लोगों से मिलते रहे। लोगों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने, उन्ही ख़राब सड़कों का हवाला देकर लोगों से कहा कि क्या हम इन ख़राब सड़कों के ही हक़दार है? हमें अच्छी सड़कें नहीं चाहिए? उन्होंने कहा कि अगर सड़क बदलनी है तो सोच बदलिए और आने वाले चुनाव में सरकार बदलिए। यह व्यवस्था परिवर्तन का समय है। सही और ग़लत पहचानने का समय है। इस दौरान बिहियाँ के राजा बाज़ार में डॉ पद्मा ओझा के संचालन में आनंद मिश्रा का भव्य स्वागत किया गया। उनके साथ ही सभी बाईक यात्रियों का गमछा देकर अभिनंदन किया गया।

देर शाम वहाँ से आगे बढ़ते हुए युवा संघर्ष यात्रा पिरो की ओर चल पड़ी। फिर रात्रि विश्राम के लिए कारवाँ चरपोखरी में रुक गया। पूरे रास्ते आनंद मिश्रा व टीम ने लोगों को जन सुराज क्या और क्यों, ये समझाते रहे। जगह- जगह गलियों- नुक्कड़ पर आनंद मिश्रा के स्वागत में लोगों को हुजूम देर शाम तक दिखता रहा।

अगेल दो दिन 15 व 16 को यात्रा ठहराव में होगी। इस दौरान स्थानीय कैम्प कर कार्यकर्ताओं के द्वारा लोगों के बीच प्रचार- प्रसार चलेगा। फिर 17 को जनसुराज युवा संघर्ष यात्रा चरपोखरी से आरा शहर की ओर बढ़ चलेगी। आरा से गुजरने के बाद का भोजपुर में यात्रा का आख़िरी पड़ाव बडहरा होगा।

यात्रा के स्वागत के साथ ही शाहपुर से लेकर चरपोखरी तक हर सभा में और सह यात्री के रूप में ज़िला अध्यक्ष अभय सिंह, महिला ज़िलाध्यक्ष डॉ पद्मा ओझा, ज़िला संयोजक चंद्रभानु गुप्ता, युवा ज़िलाध्यक्ष सोनू पासवान, प्रदेश कार्यसमिति से कमलेश तिवारी, विनय कृष्ण मिश्रा, अनुरानी झा, सौरभ पांडेय, धीरेंद्र पांडेय, कौशलेंद्र सिंह, अमरजीत सिंह, मोहित, किशन, जयेश समेत सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता साथ रहे।