फटाफट

Murder in Ara: 37 वर्षीय व्यक्ति की गोली मार हत्या, परिजनो ने मुखिया और उनके बेटों पर लगाय हत्या का आरोप, पूर्व से था विवाद

Murder in Ara: भोजपुर के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सोहरा गांव में मंगलवार की शाम 37 वर्षीय व्यक्ति की गोली मार हत्या कर दी गई। हिंसक वारदात में मृत व्यक्ति के पेट और पीठ में पांच गोली लगी है। मृतक की पहचान हेतमपुर गांव के रहने वाले सुमित सिंह के रूप में हुई है। वह स्टेशन रोड त्रिभुआनी कोठी पास अपना मोबाइल दुकान चलाता था।

मृतक के चाचा ने सोहरा पंचायत के मुखिया और उनके 2 बेटों पर हत्या का आरोप लगाया है। चाचा अरुण सिंह ने बताया कि दो महीने पहले वह सोहरा पंचायत के वर्तमान मुखिया के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सोहरा गांव के वार्ड सदस्य से हस्ताक्षर कराने गए थे। उस दौरान भी मारपीट हुई थी। आज उसी मामले को लेकर चौकीदार ने उन्हें पूछताछ करने के लिए बलुआ गांव बुलाया था। वापस लौटते वक्त मुखिया और उनके बेटों ने मिलकर भतीजे की हत्या की है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बारे में सरैया थाना को पहले से सूचना मिलने के बाद भी थाना ने घटना को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया।

अपराधियों को पकड़ने की माँग के साथ सदर अस्पताल में हंगामा

घटना की सूचना पाकर पहुँचे परिजन उनकी अवस्था देखने के बाद भी उसे जिंदा समझकर ईलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक ने उनको मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित परिजन ने बदमाशों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सदर अस्पताल परिसर के इमरजेंसी वार्ड में जमकर हंगामा किया। वह कहने लगे कि जब तक अपराधी पकड़े नहीं जाएंगे, तब तक शव को यहां से नहीं हटाएंगे। सदर अस्पताल में लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। पुलिस के काफी मशक्कत करने के बाद परिजन को समझाकर शांत कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कृष्णागढ़ थानाध्यक्ष पवन और डीआईयू की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ खोखा भी बरामद किया है। एफएसएल की टीम साक्ष्य जुटा रही है। सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह, नवादा थानाध्यक्ष विपिन बिहारी, टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय अतिरिक्त पुलिस बल के साथ आरा सदर अस्पताल पहुंचे और परिजन से मिलकर घटना की जानकारी ली।

आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए छापेमारी

सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल घटना को लेकर परिजन का औपचारिक बयान नहीं आया है। अभी तक इन लोगों ने गांव के ही मुखिया मोहन शर्मा और उनके दो बेटों पर आरोप लगाया है। उनका काफी पहले से आपस में विवाद चल रहा था। इसी विवाद को हत्या का कारण बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जुटी है। जल्दी उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मृतक सुमित पर हत्या और हत्या के प्रयास सहित करीब आधा दर्जन मामले दर्ज थे। उसके परिवार में मां केस कुमारी देवी, पत्नी सुमन देवी और दो बेटे नितिन एवं मुन्ना हैं। घटना के बाद घर के सभी लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।