Site icon Ara Live

अतिक्रमण हटवाने गई सदर सीओ पल्लवी कुमारी गुप्ता के साथ मारपीट, मामले में चार गिरफ़्तार

अतिक्रमण हटाने गई महिला मजिस्ट्रेट और आरा सदर CO पल्लवी कुमारी गुप्ता के साथ मारपीट के मामले में नगर थाना में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुआ। राजस्व कर्मचारी विमल कुमार गुप्ता के आवेदन पर दर्ज FIR के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभिषेक कुमार, प्रिंस कुमार, शगुन कुमार और सोनाक्षी कुमारी को गिरफ्तार किया। चारों आरोपी टाउन थाना क्षेत्र के प्रकाशपुरी शीतल टोला मोहल्ला निवासी अवधेश कुमार के पुत्र और पुत्री हैं।

सीओ पल्लवी कुमारी गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को कायमनगर जीरो माइल फोरलेन निर्माण के लिए आरा बस स्टैंड के पास अतिक्रमण हटाने का आदेश मिला था। इसमें उन्हें मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। आदेश के अनुसार वे राजस्व कर्मचारी विमल कुमार गुप्ता और पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंचीं। वहां अवधेश कुमार के पुत्र और पुत्री ने विरोध किया। जब उन्होंने समझाने का प्रयास किया तो चारों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उन्हें चोट आई। घटना के बाद विमल कुमार गुप्ता के बयान पर एफआईआर दर्ज कराई गई।

सीओ पल्लवी कुमारी गुप्ता ने कहा कि उनके साथ हुई घटना में टाउन थाना के थानाध्यक्ष की लापरवाही साफ दिखती है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी थानाध्यक्ष उन्हें छोड़ने की बात कर रहे थे। घटना के बाद जब बार-बार फोन किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें तनिष्क शोरूम में सोना लूट कांड की गवाही के लिए कोर्ट जाना जरूरी है, इसलिए वे घटनास्थल पर नहीं आ सकते।

Exit mobile version